Nepal Flood Update : नेपाल-चीन सीमा पर आई भीषण बाढ़ और लैंडस्लाइड ने दोनों देशों में भारी तबाही मचाई है. चीन के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि प्रभावित इलाके में उसके करीब 100 नागरिक अब भी लापता हैं. इनमें पर्यटक, तीर्थयात्री और दूसरे लोग शामिल हैं. चीन और नेपाल की टीमें मिलकर लगातार खोज और बचाव अभियान चला रही हैं.
बीजिंग में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि लापता चीनी नागरिकों की सही संख्या और उनकी राष्ट्रीयता से जुड़ी अन्य जानकारी की पुष्टि की जा रही है. चीन ने राहत और बचाव के लिए पीएलए वेस्टर्न थिएटर कमांड, पुलिस और दूसरी टीमों को प्रभावित क्षेत्र में भेजा है.
गिरोंग बॉर्डर पोर्ट पर हालात बेहद खराब
गिरोंग बॉर्डर पोर्ट के आसपास हालात बेहद खराब हैं. मुख्य नेपाल-चीन लैंड क्रॉसिंग बुरी तरह प्रभावित हुआ है. कई इमारतें मलबे में दब गईं, पार्किंग ढह गई और कारें व बसें पानी के तेज बहाव में बह गईं. सड़कें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं.
बिजली और संचार व्यवस्था ठप होने के बाद चीनी टीमें पावर ग्रिड को दुरुस्त करने में जुटी हैं. सरकार ने जनरेटर और जरूरी उपकरण भी भेजे है. खतरे को देखते हुए आसपास के गांवों को खाली कराया गया है. अपस्ट्रीम में एक और झील की जानकारी मिलने के बाद निगरानी बढ़ा दी गई है.
जिनपिंग ने दिए रेस्क्यू के निर्देश
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों की तलाश तेज करने और खतरे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए हैं. प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी प्रभावित और लापता लोगों की संख्या जल्द स्पष्ट करने के साथ राहत-बचाव अभियान तेज करने को कहा है.
नेपाल से राहत की एक अच्छी खबर भी सामने आई है. नेपाली अधिकारियों ने बाढ़ के बाद लापता करीब 100 भारतीय पर्यटकों का पता लगा लिया है. इसके अलावा 25 चीनी कामगारों को भी खोज लिया गया है.
मौतों के आंकड़े पर अलग-अलग जानकारी
नेपाल में बाढ़ से मौतों के आंकड़ों को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है. नेपाल पुलिस के अनुसार भोटेकोशी नदी की बाढ़ में 12 और शव मिलने के बाद मौतों की संख्या 177 तक पहुंच गई. वहीं कुछ सरकारी सूचनाओं में कुल मृतकों की संख्या अलग बताई गई है.
विदेश मंत्री शिशिर खनाल के मुताबिक सैकड़ों लापता लोगों में करीब 300 भारतीय पर्यटक शामिल हैं. राहत और बचाव दल अब भी प्रभावित इलाकों में लोगों की तलाश में जुटे हैं.
ये भी पढ़ें- इस्लामाबाद में दर्दनाक हादसा, PIMS अस्पताल में लगी आग, 15 बच्चे जिंदा जले
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








