Chicken Or Egg Answer : धरती पर पहले अंडा आया या मुर्गी- यह सवाल बचपन से लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा है. कोई मानता है कि पहले मुर्गी आई होगी, तो कोई कहता है कि अंडा पहले आया होगा. अब वैज्ञानिकों ने इस सवाल का जवाब खोज लिया है, जो काफी दिलचस्प है.

वैज्ञानिकों के अनुसार, अगर सभी जीवों के अंडों को ध्यान में रखा जाए तो अंडा मुर्गी से पहले अस्तित्व में आया. दरअसल, अंडों का विकास लगभग एक अरब साल पहले हो चुका था, जबकि मुर्गियां केवल करीब 10,000 साल से पृथ्वी पर मौजूद हैं. जीवविज्ञानी बताते हैं कि अंडा अपने मूल रूप में मादा की प्रजनन कोशिका होता है. बाद में कठोर खोल वाले अंडों का विकास हुआ, जिन्हें एमनियोटिक अंडे कहा जाता है और ये कशेरुकी जीवों के विकास में अहम साबित हुए.

कठोर खोल वाले अंडों के आने से पहले कशेरुकी जीवों को प्रजनन के लिए पानी पर निर्भर रहना पड़ता था. इन अंडों ने जीवों को पानी से दूर भी प्रजनन करने की क्षमता दी, जो विकास की दृष्टि से एक बड़ा बदलाव था.
एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने 51 जीवाश्म प्रजातियों और 29 जीवित प्रजातियों का विश्लेषण किया. इन्हें दो श्रेणियों में बांटा गया. ओविपेरस (अंडे देने वाले) और विविपेरस (जीवित बच्चों को जन्म देने वाले). शोध में पाया गया कि मुर्गियों के शुरुआती सरीसृप पूर्वज विविपेरस थे, यानी वे जीवित बच्चों को जन्म देते थे.

अध्ययन के मुताबिक उस समय जीवित बच्चे को जन्म देना अधिक सुरक्षित माना जाता था, जबकि बाद में कठोर खोल वाले अंडे देना एक महत्वपूर्ण विकास के रूप में सामने आया.
वैज्ञानिकों का निष्कर्ष है कि सामान्य रूप से धरती पर अंडा पहले आया, लेकिन वह मुर्गी का अंडा नहीं था. वहीं यदि खास तौर पर मुर्गी के अंडे की बात करें, तो पहले मुर्गी आई और उसके बाद उसने अंडा दिया. मुर्गी के अंडे के निर्माण में ओवोक्लेडिन-17 (OC-17) नाम का एक खास प्रोटीन अहम भूमिका निभाता है, जो केवल मुर्गी के अंडाशय में पाया जाता है और अंडे के छिलके के बनने की प्रक्रिया को तेज करता है.

ये भी पढ़ें- दूसरी बार मां बनने जा रहीं Deepika Padukone, रणवीर सिंह के घर गूंजेगी किलकारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









