CM धामी का फैसला, उत्तराखंड परिवहन निगम में शामिल होंगी नई बसें

Uttarakhand :

Uttarakhand : CM धामी का फैसला, उत्तराखंड परिवहन निगम में शामिल होंगी नई बसें

Share

Uttarakhand : दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण ग्रैप-4 (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) लागू किया गया है, जिसके तहत दिल्ली में वाहनों के प्रवेश पर सख्ती बढ़ा दी गई है। इन परिस्थितियों में उत्तराखंड के यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड परिवहन निगम को दिल्ली रूट पर सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद, उत्तराखंड परिवहन निगम ने तुरंत प्रभाव से बसों के फेरों में बढ़ोतरी और नई बसों के संचालन का निर्णय लिया है।

अपर सचिव परिवहन नरेंद्र कुमार जोशी ने बताया कि दिल्ली में बीएस-3 और बीएस-4 बसों के प्रवेश पर लगी रोक के मद्देनजर उत्तराखंड परिवहन निगम ने कई कदम उठाए हैं। वर्तमान में निगम के पास 185 सीएनजी बसें उपलब्ध हैं, जिन्हें दिल्ली मार्ग पर चलाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, बीएस-6 मॉडल की 12 वॉल्वो बसों के फेरों में वृद्धि करते हुए उन्हें दिल्ली मार्ग पर संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा, हाल ही में खरीदी गई बीएस-6 मॉडल की 130 डीजल बसों को भी प्रदेश के विभिन्न स्टेशनों से दिल्ली मार्ग पर भेजा गया है। इस व्यवस्था से उत्तराखंड और दिल्ली के बीच यात्रियों का आवागमन सुगम बना हुआ है।

अपर सचिव ने बताया कि वर्तमान में विंटर सीजन के कारण यात्री संख्या लगभग 50 प्रतिशत है। हालांकि, यदि किसी भी स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ती है, तो अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो बसें दिल्ली में प्रवेश नहीं कर पा रही हैं, उन्हें यात्रियों की जरूरत के हिसाब से मोहननगर और कौशाम्बी (उत्तर प्रदेश) तक दिल्ली बॉर्डर पर पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिए स्पष्ट निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उत्तराखंड से दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड परिवहन निगम का प्रयास यह होना चाहिए कि यात्रियों के आवागमन की स्थिति पूरी तरह से सामान्य बनी रहे। मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित किया कि राज्य के प्रत्येक व्यक्ति को यात्रा के दौरान उच्चस्तरीय सेवा मिलनी चाहिए।

ग्रैप-4 के लागू होने से दिल्ली में बीएस-3 और बीएस-4 वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है, जिसके चलते उत्तराखंड परिवहन निगम को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति से निपटने के लिए निगम ने नई बसों की खरीद और उन्हें त्वरित रूप से संचालन में लाने का निर्णय लिया है।

डीटीसी बसों से दिल्ली यात्रा, उत्तराखंड परिवहन निगम ने किया समन्वय

दिल्ली बॉर्डर से दिल्ली के अंदर यात्रियों को लाने के लिए अब डीटीसी बसों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने दिल्ली परिवहन विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया है, जिससे यात्रियों को एक ही टिकट पर अपनी यात्रा पूरी करने की सुविधा मिल रही है। इसके अलावा, उत्तराखंड के सभी डिपो और परिवहन निगम के अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत अतिरिक्त बसों को भेजने और यातायात प्रबंधन को सुनिश्चित करने का भी आदेश जारी किए गए हैं।

यह भी पढ़ें : पंजाब सरकार ने 21 दिसंबर को नगरपालिका चुनावों के मद्देनजर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *