विदेश

यूक्रेन में बड़ा विस्फोट, हथियारों के भंडार पर हमले से 37 लोगों की मौत, बारूदी सुरंगें और ड्रोन फटे

रूस के ड्रोन हमले के बाद यूक्रेन की राजधानी कीव के पास हथियार डिपो में भीषण धमाके हुए। घटना में 37 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर है। धमाकों से 130 घरों को नुकसान पहुंचा। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने जांच के आदेश दिए हैं और रिहायशी इलाके के पास हथियार रखने पर सवाल उठाए हैं।

Russia Ukraine War : रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव के पास एक हथियार डिपो को निशाना बनाकर ड्रोन हमला किया। हमले के बाद डिपो में रखे गोले, बारूदी सुरंगें और ड्रोन उपकरण लगातार फटने लगे। इन धमाकों की वजह से आसपास के इलाकों में भारी नुकसान हुआ और कई रिहायशी इमारतें प्रभावित हुईं।

37 लोगों की मौत, कई घायल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में कम से कम 37 लोगों की मौत हुई है, जबकि 42 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं। धमाकों के कारण करीब 130 घरों को नुकसान पहुंचा। राहत और बचाव अभियान हमले के अगले दिन भी जारी रहा।

जेलेंस्की ने उठाए सवाल

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि हथियारों का इतना बड़ा भंडार रिहायशी इलाकों के पास नहीं होना चाहिए था। उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आबादी वाले क्षेत्र के करीब विस्फोटक सामग्री रखने की अनुमति किस आधार पर दी गई थी।

रूस ने हमले को बताया सैन्य कार्रवाई

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेना ने कीव के पश्चिम में स्थित मिला गांव में एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया था। रूस के अनुसार, वहां लंबी दूरी तक उड़ान भरने वाले FP-1 और FP-2 ड्रोन के पुर्जे और लॉन्च सिस्टम रखे गए थे।

लगातार बढ़ रहे ड्रोन हमले

यूक्रेन में हाल के दिनों में रूस की ओर से ड्रोन हमलों में तेजी देखी गई है। इन हमलों के कारण कीव और आसपास के क्षेत्रों में एयर रेड सायरन लगातार सक्रिय हैं। यूक्रेन को आशंका है कि इन हमलों का उद्देश्य उसकी एयर डिफेंस व्यवस्था को कमजोर करना हो सकता है।

ये भी पढ़ें- रोहतक में रामपाल दास के खिलाफ तीसरी लड़ाई, पाखंड खंडन सम्मेलन में गरजे आर्य समाज के विद्वान, बोले- अब होगा निर्णायक संघर्ष

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button