UGC NET Result : यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा में शामिल लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने शुक्रवार देर रात 84 विषयों के लिए UGC NET का रिजल्ट जारी कर दिया. परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख और डाउनलोड कर सकते हैं.
एनटीए के अनुसार, इस बार 84 विषयों की परीक्षा में कुल 6.07 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे. इनमें से 97 हजार से ज्यादा उम्मीदवारों ने पीएचडी में दाखिले के लिए योग्यता हासिल की, जबकि 4 हजार से अधिक अभ्यर्थी जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए क्वालिफाई हुए हैं.
एप्लीकेशन नंबर से ऐसे चेक करें रिजल्ट
उम्मीदवार अपना रिजल्ट देखने के लिए UGC NET की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉग इन कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें अपने एप्लीकेशन नंबर का इस्तेमाल करना होगा. रिजल्ट खुलने के बाद उम्मीदवार स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के साथ उसका प्रिंट भी निकाल सकते हैं.
एनटीए ने 28 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए रिजल्ट जारी होने की जानकारी दी. एजेंसी ने बताया कि स्कोरकार्ड आधिकारिक UGC NET वेबसाइट पर उपलब्ध हैं.
इन 3 विषयों के अभ्यर्थी अभी न करें रिजल्ट की तलाश
हालांकि, अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों के उम्मीदवारों को अभी अपना रिजल्ट नहीं मिलेगा. इन विषयों की परीक्षा दोबारा आयोजित की जानी है.
एनटीए ने बताया कि जून में इन विषयों की परीक्षा के प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग, अनुवाद और भाषा से जुड़ी गलतियां सामने आई थीं. इसके बाद विशेषज्ञ समिति की सिफारिश पर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया.
इन तीनों विषयों की परीक्षा 9 और 10 सितंबर 2026 को दोबारा होगी. एनटीए के मुताबिक, इन उम्मीदवारों को फिलहाल स्कोरकार्ड खोलने पर “इनवैलिड एप्लीकेशन नंबर/पासवर्ड” का संदेश दिखाई दे सकता है. इनका रिजल्ट दोबारा परीक्षा के बाद जारी किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- चीनी की कीमतों पर बड़ी राहत, 20% तक सस्ती हुई शुगर, सरकार ने लिया बड़ा फैसला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









