राष्ट्रीय

तमिलनाडु में छात्रों के प्रदर्शन पर सरकार का यू-टर्न, राजनीतिक प्रदर्शनों से रोकने वाला आदेश वापस

Tamil Nadu Government : तमिलनाडु में छात्रों के राजनीतिक प्रदर्शनों में शामिल होने को लेकर विजय सरकार ने अपना फैसला बदल दिया है. सरकार ने 14 अगस्त को जारी उस आदेश को वापस ले लिया, जिसमें स्कूल और कॉलेज के छात्रों को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और लेफ्ट पार्टियों की ओर से आयोजित राजनीतिक प्रदर्शनों में शामिल होने से रोकने के निर्देश दिए गए थे.

तमिलनाडु शिक्षा विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर सिंथिया सेल्वी ने इसकी पुष्टि की है, उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को जारी आदेश को बुधवार, 19 अगस्त को वापस ले लिया गया. इसके साथ ही छात्रों को राजनीतिक प्रदर्शनों से दूर रखने वाला निर्देश अब लागू नहीं रहेगा.

क्या था सरकार का आदेश?

बता दें कि 14 अगस्त को सभी विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार को आदेश भेजा गया था. इसमें स्कूल और कॉलेज के छात्रों को राजनीतिक प्रदर्शनों में शामिल होने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया था.

स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन को मिलकर इस मामले पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए थे.

CJP ने किया था विरोध

सरकार का आदेश सामने आने के बाद CJP ने इसका विरोध किया था. पार्टी ने इसे “गैर-संवैधानिक” बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की थी. CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा था कि किसी भी सरकार को व्यक्ति के विरोध करने के अधिकार पर रोक नहीं लगानी चाहिए, उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने को लोकतंत्र में हर व्यक्ति का अधिकार बताया था.

NEET प्रदर्शन के बीच शुरू हुआ था विवाद

यह विवाद ऐसे समय सामने आया था, जब तमिलनाडु में NEET को लेकर प्रदर्शन चल रहे हैं. CJP और लेफ्ट से जुड़े छात्र संगठन NEET खत्म करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे में छात्रों को इन प्रदर्शनों से दूर रखने का आदेश राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया था.

अब सरकार ने अपना आदेश वापस ले लिया है. इससे पहले विजय सरकार ने एंटी-NEET प्रदर्शनों के दौरान छात्रों पर दर्ज पुराने पुलिस केस वापस लेने का निर्देश दिया था. ऐसे में ताजा फैसला छात्रों के प्रदर्शन को लेकर सरकार के बदले रुख के तौर पर देखा जा रहा है.

ये भी पढ़ें- बंगाल में बीरभूम के होटल में लगी भीषण आग, 8 की मौत, 9 घायल, तारापीठ दर्शन करने आए थे श्रद्धालु

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button