Biharराज्य

नेपाल में रौशन सर के भाई की संदिग्ध मौत, तेज प्रताप ने की जांच की मांग

Bihar News : पटना में चर्चित शिक्षण संस्थानों से जुड़े विवाद के बीच नेपाल में हुई एक संदिग्ध मौत ने नया राजनीतिक और सामाजिक विवाद खड़ा कर दिया है. ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं

शुरुआत में प्रिंस यादव की मौत को ब्रेन हेमरेज से जुड़ा मामला माना जा रहा था, लेकिन बाद में परिस्थितियों ने अलग दिशा ले ली. अब इस मामले को लेकर अलग-अलग पक्षों की ओर से अलग – अलग दावे सामने आ रहे हैं, जिससे कई सवाल उठने लगे हैं.

यह सामान्य मौत नहीं लगती

वहीं, जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सामान्य मौत नहीं लगती और इसकी गहन जांच होनी चाहिए, उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और उसी पृष्ठभूमि में यह घटना हुई है.

उन्होंने यह भी कहा कि मामले में कई बातें सामने आ चुकी हैं और सच्चाई तक पहुंचने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है. साथ ही उन्होंने बिहार सरकार से अपील की कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.

दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस घटना को लेकर दुख जताया और इसे बेहद दुखद बताया, उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए.

विराटनगर के होटल में संदिग्ध हालात में मौत

सूचना के अनुसार, 30 वर्षीय प्रिंस यादव नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे, जहां शनिवार देर रात उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की पुष्टि नेपाल के मोरंग जिले के पुलिस प्रवक्ता और डीएसपी मकेंद्र कुमार मिश्र ने की है. नेपाल पुलिस ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष टीम बनाई है और इस सिलसिले में चार भारतीय नागरिकों को हिरासत में लिया गया है.

पुलिस का कहना है कि सभी से अलग-अलग पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक किसी की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकला है. नेपाल पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

ये भी पढ़ें – 30 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी मामला: नाबालिग सहित दो साथी गिरफ्तार, 5 किलो और हेरोइन बरामद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button