Maharashtra News : महाराष्ट्र के पुणे में 22 अगस्त को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है. पुलिस ने कार्यक्रम के लिए अनुमति दे दी है, लेकिन इसके साथ आयोजकों के सामने 30 शर्तें भी रखी गई हैं. पुलिस ने साफ किया है कि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति या कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं होनी चाहिए.
पुलिस की अनुमति के मुताबिक, कार्यक्रम आरटीओ चौक के पास एसएसपीएमएस कॉलेज मैदान में शाम 4:30 बजे से रात 9:30 बजे तक होगा. इसमें करीब 8,000 से 10,000 लोगों के शामिल होने का अनुमान है.
आयोजकों को कार्यक्रम स्थल पर किसी भी आपत्तिजनक तस्वीर या बैनर के प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी. साथ ही यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे. अगर कार्यक्रम के दौरान कोई अप्रिय घटना होती है और उससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है तो आयोजकों को जिम्मेदार माना जाएगा.
सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक की व्यवस्था जरूरी
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने कहा कि पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति दे दी है और आयोजक सभी शर्तों का पालन करेंगे, उन्होंने बताया कि अनुमति के दौरान पुलिस ने कुल 30 शर्तें रखी हैं.
इन शर्तों के तहत कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा, पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था, प्रवेश और निकास के पर्याप्त द्वार, पीने का पानी, शौचालय, अग्नि-सुरक्षा उपकरण और पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करानी होगी.
अनुमति कभी भी हो सकती है रद्द
पुलिस ने आयोजन स्थल पर फोटोग्राफी के लिए ड्रोन के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई है. इसके अलावा पुलिस, चिकित्सा और अग्निशमन सेवाओं के लिए आपातकालीन रास्ता खुला रखना होगा.
यह अनुमति यातायात विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने पर निर्भर है. पुलिस के मुताबिक, कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली कोई अवैध गतिविधि सामने आने पर अनुमति किसी भी समय रद्द की जा सकती है. कार्यक्रम स्थल को लेकर विवाद होने की स्थिति में भी अनुमति तत्काल रद्द करने का प्रावधान रखा गया है.
ये भी पढ़ें- अमित शाह ने एसीबी पर दबाव डाल कर सत्येंद्र जैन को कराया गिरफ्तार- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









