Delhi NCR

पैलेट गन मामले में राहुल गांधी पहुंचे थाने, बोले- FIR दर्ज होने तक यहीं रहूंगा

Rahul Gandhi : दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल का मामला अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना पहुंचे। वह जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल हुए छात्र साहिल लाछोब को लेकर शिकायत दर्ज कराने पहुंचे हैं. सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा है कि जब तक FIR दर्ज नहीं होती, तब तक वह थाने में ही रहेंगे.

राहुल गांधी ने 24 जुलाई 2026 को छात्र साहिल लाछोब के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. इस दौरान उन्होंने सरकार पर पैलेट गन के इस्तेमाल से जुड़े दावों को लेकर सवाल उठाए थे. कांग्रेस के मुताबिक, 19 वर्षीय साहिल को पैलेट गन लगने के बाद गंभीर चोट आई है और उसकी एक आंख की रोशनी जाने की आशंका है.

राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी जवाबदेही तय करने की मांग की थी, उन्होंने सवाल उठाया था कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पैलेट गन समेत घातक बल प्रयोग की अनुमति किसने दी थी.

कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग की

कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा कि 20 जुलाई को छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री से स्पष्ट जवाब मांगा जा रहा है, उन्होंने कहा कि पैलेट गन मामले को सामने लाने और कार्रवाई की मांग को लेकर राहुल गांधी थाने पहुंचे हैं.

जंतर-मंतर और देश के अन्य हिस्सों में प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और सुरक्षा बलों की कार्रवाई की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने पांच सदस्यीय हाई पावर एक्सपर्ट कमेटी बनाई है. सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी को इसका अध्यक्ष बनाया गया है.

पुलिस और सुरक्षा बलों के बल प्रयोग की जांच

कमेटी यह जांच करेगी कि प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों ने जरूरत से ज्यादा या अनुचित बल का इस्तेमाल तो नहीं किया. इसमें पैलेट गन, लाठी, आंसू गैस और अन्य साधनों के इस्तेमाल की परिस्थितियों की भी जांच होगी.

कमेटी यह भी देखेगी कि कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकार के बीच उचित संतुलन के अनुरूप थी या नहीं. साथ ही प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पैलेट या अन्य धातु के प्रोजेक्टाइल के इस्तेमाल पर रोक की जरूरत पर भी विचार किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर चला बुलडोजर, अवैध ढांचे हटाए गए, जानिए क्या है पूरा मामला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button