77वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का देश को संबोधन, शाम 7 बजे आकाशवाणी और दूरदर्शन पर होगा प्रसारण

Share

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 77वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करेंगी। इसकी जानकारी राष्ट्रपति भवन ने दी है। राष्ट्रपति भवन ने रविवार (13 अगस्त) को एक बयान में कहा कि संबोधन को आकाशवाणी के पूरे राष्ट्रीय नेटवर्क पर शाम 7 बजे से प्रसारित किया जाएगा और फिर दूरदर्शन के सभी चैनलों पर हिंदी में और इसके बाद अंग्रेजी में प्रसारित किया जाएगा।

बयान में कहा गया, “दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में संबोधन के प्रसारण के बाद, दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों की ओर से क्षेत्रीय भाषाओं में भी प्रसारण किया जाएगा। आकाशवाणी अपने संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात 9:30 बजे संबोधन के क्षेत्रीय भाषा संस्करण को प्रसारित करेगी।”

77वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी का देश को संबोधन

15 अगस्त को भारत के 77वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी देश को संबोधित करेंगे। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और फिर ऐतिहासिक स्मारक की प्राचीर से देश की जनता को संबोधित करेंगे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में 1,800 लोग शामिल होंगे, जिन्हें ‘विशेष अतिथि’ के रूप में आमंत्रित किया गया है, ताकि वे समारोह में हिस्सा ले सकें। रक्षा मंत्रालय ने यह बताया कि इस समारोह के दौरान लगभग 400 से अधिक गावों के सरपंच भी शामिल होंगे।

12 अलग-अलग स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट

स्वतंत्रता दिवस पर सरकार ने विभिन्न योजनाओं को समर्पित करने के लिए 12 अलग-अलग स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए हैं। ये स्थान राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, इंडिया गेट, विजय चौक, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, प्रगति मैदान, राज घाट, जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन, दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन, आईटीओ मेट्रो गेट, नौबत खाना और शीश गंज गुरुद्वारा शामिल हैं।

ये भी पढ़ें : पीएम के खूनी खेल वाले बयान पर ममता बनर्जी का तंज, बोलीं- आपसे एक छोटा सा राज्य मणिपुर नहीं संभल रहा, देश कैसे चलाएंगे