Pahalgam Anniversary : पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर देश ने एक बार फिर उन मासूम लोगों को याद किया, जिन्होंने इस निर्मम घटना में अपनी जान गंवाई थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देश इन पीड़ितों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए संदेश में शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति जताई और आतंकवाद के खिलाफ भारत के अडिग रुख को दोहराया.
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि एक साल पहले आज ही के दिन पहलगाम में हुआ आतंकी हमला पूरे देश को झकझोर देने वाला था. इस हमले में मारे गए निर्दोष लोगों की याद हमेशा देश के दिलों में जिंदा रहेगी, उन्होंने कहा कि भारत एकजुट होकर न सिर्फ इस दुख को साझा कर रहा है, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई को और मजबूत करने के लिए भी प्रतिबद्ध है, उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में आतंकियों के इरादों को सफल नहीं होने दिया जाएगा.
आधिकारिक पोस्ट में सेना ने दी सख्त चेतावनी
इसी बीच, भारतीय सेना ने भी कड़ा संदेश देते हुए साफ कर दिया कि देश के खिलाफ साजिश रचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. सेना ने अपने आधिकारिक पोस्ट में कहा कि भारत के विरुद्ध उठाए गए हर कदम का जवाब दिया जाएगा और दोषियों को न्याय के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा.
सेना की ओर से जारी एक ग्राफिक्स में ‘ऑपरेशन महादेव’ का उल्लेख करते हुए बताया गया कि किस तरह सुरक्षा बलों ने हमले के जिम्मेदार आतंकियों को ढेर किया. यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि देश अपनी सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतता.
सेना ने चलाया बड़ा अभियान
बता दें कि पिछले साल पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया था. इस कायराना हमले में कई लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे. घटना ने पूरे देश में गहरा आक्रोश पैदा किया था.
इसके बाद भारतीय सेना ने कड़े कदम उठाते हुए आतंकियों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत सीमा पार स्थित आतंकी ठिकानों पर भी कार्रवाई की गई, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया कि भारत अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा.
ये भी पढ़ें- वृंदावन पहुंचे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा, संत प्रेमानंद महाराज के किए दर्शन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









