PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरे चरण के मतदान से पहले ममता बनर्जी और टीएमसी पर जमकर निशाना साधा. बैरकपुर के उत्तर 24 परगना में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा बंगाल में मैं जहां-जहां गया हूं. वहां बंगाल के लोगों के मिजाज को देखकर मैं कह सकता हूं कि 4 मई के नतीजों के बाद भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह में मुझे आना ही है. मेरा उत्साह और बढ़ जाता है. मुझे आप सभी के बीच रहने में सुकून मिलता है. आप सभी मेरा परिवार हैं.
पीएम मोदी ने कहा जब जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ था तब मैंने 11 दिनों का अनुष्ठान किया था. इस चुनाव में मुझे वैसी ही अनुभूति हुई है जैसी किसी देवी मंदिर के दर्शन के समय होती है। इसके पीछे बंगाल के प्रति मेरा लगाव है.
‘बिहार, बंगाल और ओडिशा मजबूत स्तंभ’
बिहार, बंगाल और ओडिशा को मजबूत स्तंभ बताते हुए पीएम मोदी ने कहा पश्चिम बंगाल का यह चुनाव बंगाल के साथ-साथ पूर्वी भारत का भाग्य बदलने का चुनाव है. अतीत में जब भारत समृद्ध था, उस समय इसके 3 मजबूत स्तंभ थे अंग, बंग और कलिंग यानी बिहार, बंगाल और ओडिशा. आज भारत विकसित होने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है तो इसके लिए अंग, बंग और कलिंग का मजबूत होना जरूरी है.
TMC पर जमकर बरसे पीएम मोदी
पीएम मोदी ने TMC पर निशाना साधते हुए कहा इस चुनाव में TMC के नेताओं ने एक बार भी मां, माटी और मानुष का नाम तक नहीं लिया है. जिस नारे के साथ TMC ने बंगाल में सरकार बनाई थी, इन्होंने वह नारा भुला दिया है. इन्होंने नारी की सुरक्षा और किसानों के लिए कुछ नहीं किया. TMC का फॉर्मूला है झूठ बोलो और गालियां दो. पीएम मोदी ने आगे कहा TMC के पास बंगाल के भविष्य का रोड मैप नहीं है. यहां TMC के सिंडिकेट की फैक्ट्रियों का विस्तार हो रहा है. यह है TMC का महा-जंगलराज. TMC को हराना ही होगा. भाजपा यहां जनता जनार्दन का राज लाएगी.
‘भाजपा का मुख्यमंत्री बनाइए और डबल इंजन का डबल लाभ पाइए’
बंगाल की जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा आप यहां भाजपा का मुख्यमंत्री बनाइए और डबल इंजन का डबल लाभ पाइए. भाजपा को इसलिए वोट देना है ताकि यहां कोलकाता मेट्रो का तेजी से विस्तार हो सके और बंगाल में बिजली की बसों का नया नेटवर्क बने. मैं सभी बहनों को कहता हूं कि TMC ने आपके वोटों का मान नहीं रखा है. आप कमल पर वोट दीजिएगा ताकि बेटियां हर समय बाहर निकल सकें.
‘बेटियों को सरकारी नौकरी में 33% आरक्षण मिलेगा’
पीएम मोदी ने बैरकपुर में बड़ा ऐलान करते हुए कहा बंगाल भाजपा सरकार महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान 21 हजार रुपए की मदद देगी. बेटियों को सरकारी नौकरी में 33% आरक्षण मिलेगा. मोदी ने गरीब परिवार की बहन और बेटियों के लिए मुफ्त इलाज और अनाज की सुविधा दी है. भाजपा की पहली कैबिनेट मीटिंग में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का निर्णय लिया जाएगा. इसमें बुजुर्गों को 5 लाख रुपए का मुफ्त इलाज दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें : भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे जयपुर, राजस्थान का पहला दौरा, पार्टी कार्यालय का करेंगे उद्घाटन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









