राष्ट्रीय

उज्बेकिस्तान के लिए रवाना हुए PM मोदी, SCO शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल, आतंकवाद पर रहेगा फोकस

PM Modi Foreign Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार से दो देशों की अहम यात्रा पर रवाना हो रहे हैं. अपनी यात्रा से पहले जारी बयान में पीएम मोदी ने कहा कि यह दौरा शांति, स्थिरता और समृद्धि के साझा प्रयासों को आगे बढ़ाने का मौका देगा. उनकी यात्रा के दौरान भारत की सुरक्षा, संपर्क और क्षेत्रीय सहयोग से जुड़ी प्राथमिकताओं पर खास जोर रहेगा.

प्रधानमंत्री उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर 29 से 30 अगस्त तक ताशकंद में रहेंगे. मोदी के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है.

ताशकंद में दोनों नेताओं के बीच व्यापार और निवेश, डिजिटल संपर्क, रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर चर्चा होगी. इसके साथ ही ‘विकसित भारत’ और ‘नए उज्बेकिस्तान’ के साझा विजन को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी बातचीत होगी.

पीएम मोदी ताशकंद में शास्त्री स्मारक और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरियंटल स्टडी स्थित महात्मा गांधी केंद्र का दौरा भी करेंगे. ये दोनों स्थान भारत और उज्बेकिस्तान के बीच सांस्कृतिक तथा लोगों के बीच मजबूत संबंधों के प्रतीक माने जाते हैं.

SCO शिखर सम्मेलन में उठेगा आतंकवाद का मुद्दा

ताशकंद के बाद प्रधानमंत्री किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचेंगे. वह किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादिर जापारोव के निमंत्रण पर 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.

यह सम्मेलन SCO की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर हो रहा है. पीएम मोदी शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे और सुरक्षा, संपर्क तथा अवसर से जुड़े भारत के नजरिए को सामने रखेंगे.

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत 2017 से SCO का सक्रिय और रचनात्मक सदस्य रहा है, उन्होंने ऐसे क्षेत्र के निर्माण पर जोर दिया, जो आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद के खतरे से मुक्त हो.

द्विपक्षीय मुलाकातों पर भी नजर

SCO सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी संगठन के सदस्य देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे. अधिकारियों के अनुसार, शिखर सम्मेलन से इतर कई नेताओं के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं.

इसके अलावा मोदी बिश्केक में छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे. यह आयोजन मध्य एशिया की समृद्ध और जीवंत सांस्कृतिक विरासत को सामने लाने वाला है, जिसे भारत बेहद सम्मान देता है.

ये भी पढ़ें- चीनी की कीमतों पर बड़ी राहत, 20% तक सस्ती हुई शुगर, सरकार ने लिया बड़ा फैसला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button