विदेश

नेपाल बाढ़ में 300 से ज्यादा भारतीय लापता, कौन-कौन से राज्य प्रभावित? जानें पूरा अपडेट

Nepal Flood : नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने हालात बिगाड़ दिए हैं. अब तक 162 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 800 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं. सबसे ज्यादा चिंता उन भारतीयों को लेकर है जो नेपाल के अलग-अलग हिस्सों में फंसे हैं. नेपाल के विदेश मंत्री के मुताबिक करीब 300 भारतीयों से संपर्क नहीं हो पा रहा है. इनमें कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए श्रद्धालु भी शामिल हैं.

अचानक आई बाढ़ के बाद कई इलाकों में मोबाइल और टेलीकम्युनिकेशन सेवाएं ठप हैं. सड़कें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिससे लापता लोगों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है. भारतीय दूतावास और विभिन्न राज्य सरकारें अपने नागरिकों की जानकारी जुटाने में लगी हैं.

तमिलनाडु से नेपाल गए 57 पर्यटकों में से 37 का अभी पता नहीं चला है. वहीं, पश्चिम बंगाल से गया 32 लोगों का दल भी रसुवागढ़ी में बाढ़ आने के बाद संपर्क से बाहर है.

काठमांडू में सुरक्षित मिले 28 श्रद्धालु

वहीं, आंध्र प्रदेश के तिरुपति से नेपाल गए 28 श्रद्धालुओं के काठमांडू में सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है. महाराष्ट्र के सात पर्यटकों में चार से संपर्क हो चुका है, जबकि तीन की तलाश जारी है. केरल के 36 पर्यटकों का दल भी सुरक्षित बताया गया है.

किसान नेता राकेश टिकैत भी पोखरा में फंसे थे. उनके मुताबिक सड़क से वापसी संभव नहीं है और अब वे विमान से काठमांडू होते हुए दिल्ली लौटेंगे.

पीएम मोदी ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से फोन पर बात की और मानवीय सहायता का भरोसा दिया. भारत ने करीब 10 टन राहत सामग्री नेपाल भेजी है, जिसमें अस्थायी आश्रय, कंबल, स्वच्छता किट, सौर लैंप और जरूरी दवाएं शामिल हैं. काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर भी जारी किए हैं.

विश्व बैंक भी देगा मदद

विश्व बैंक ने राहत, बचाव और पुनर्निर्माण के लिए 25 अरब नेपाली रुपये की आपातकालीन वित्तीय सहायता की पेशकश की है. इस बीच भारत और नेपाल की एजेंसियां लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं. खराब मौसम, बंद सड़कें और ठप संचार व्यवस्था अभियान की राह में बड़ी बाधा बनी हुई है.

ये भी पढ़ें- इस्लामाबाद में दर्दनाक हादसा, PIMS अस्पताल में लगी आग, 15 बच्चे जिंदा जले

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button