Biharराज्य

आज नालंदा यात्रा पर रहेंगे सीएम नीतीश कुमार, 810 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का करेंगे उद्घाटन

Bihar News : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपनी महत्वाकांक्षी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत अपने गृह जिले नालंदा का दौरा करेंगे। जिले में उनके आगमन को लेकर भारी उत्साह का माहौल है और जिला प्रशासन ने स्वागत एवं सुरक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री इस दौरे के दौरान 810 करोड़ रुपये से अधिक की नई और पूर्ण हुई विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जो जिले के बुनियादी ढांचे और जन सुविधाओं में सुधार लाएंगी।

हेलीकॉप्टर से आगमन और फ्लाईओवर का उद्घाटन

सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के माध्यम से बिहारशरीफ पहुंचेंगे। नालंदा कॉलेज और सोगरा हाईस्कूल के मैदान में विशेष हेलीपैड तैयार किए गए हैं। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से पुराना रांची रोड की ओर बढ़ेंगे। एलआईसी भवन से सोगरा कॉलेज मोड़ तक स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नवनिर्मित फ्लाईओवर का उद्घाटन कर शहरवासियों को जाम मुक्त सड़क का तोहफा देंगे।

रिवर फ्रंट और पुराना स्टेडियम: विकास कार्यों का जायजा

मुख्यमंत्री कोसुक गांव के पास पंचाने नदी पर बन रहे रिवर फ्रंट की प्रगति का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे पुराना स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां आयोजित समारोह में 316 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 110 योजनाओं का उद्घाटन और 494 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली 106 नई योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें कृषि अनुसंधान सह प्रशिक्षण केंद्र, नगर निकाय विकास योजनाएं, पंचायत भवन, स्मार्ट सिटी स्कूल, जीविका भवन और खेल मैदान शामिल हैं।

जनसभा और समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री जिले के कोने-कोने से आए लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद स्टेडियम परिसर में बने अस्थायी सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानेंगे।

सुरक्षा और यातायात प्रबंधन

मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बिहारशरीफ के सभी भ्रमण क्षेत्रों को ‘टेंपरेरी रेड जोन’ घोषित किया गया है। फ्लाईओवर, पंचाने नदी रिवर फ्रंट और स्टेडियम के आसपास ड्रोन और हॉट एयर बैलून पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। शहर के प्रमुख मार्गों में विशेष ट्रैफिक रेगुलेशन लागू किया गया है और बाहरी वाहनों के लिए पांच अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं।

यात्रा का समापन

सभी कार्यक्रमों और समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर द्वारा पटना के लिए प्रस्थान करेंगे।

ये भी पढ़ें – दिल्ली-एनसीआर में फिर बदलेगा मौसम, अगले चार दिन तक तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button