Delhi NCR

आज देशभर में मॉनसून सक्रिय, UP समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में भी बरसेंगे बादल

IMD Weather Update : आज देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा. मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है. छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर तेज बारिश हो सकती है. पूर्वी यूपी, पश्चिमी मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पूर्वोत्तर भारत में भी भारी बारिश की संभावना है.

बारिश की मुख्य वजह उत्तर झारखंड और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बिहार व दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र है. यह सिस्टम 19 अगस्त को सुबह 11:30 बजे डिप्रेशन से कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया था.

यूपी में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश पर मौसम सिस्टम का खास असर देखने को मिल सकता है. पश्चिमी यूपी में 20 और 22 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. पूर्वी यूपी में 20 अगस्त और फिर 21-22 अगस्त को बारिश हो सकती है.

दक्षिण-पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में 20 अगस्त को अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है. इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

दिल्ली-NCR में बादल और बारिश

दिल्ली-NCR में 20 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहेंगे. कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है. दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

पहाड़ों में भी बिगड़ेगा मौसम

उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश और गरज के साथ बौछारों की चेतावनी है. नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग में तेज हवाएं चल सकती हैं.

वहीं, हिमाचल प्रदेश के मंडी, शिमला, सोलन, ऊना, बिलासपुर, चंबा, किन्नौर, हमीरपुर और कांगड़ा में बारिश के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.

जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर में बारिश

जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भारी बारिश और गरज के साथ बौछारों का अलर्ट है. पूर्वोत्तर में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.

इसके अलावा कोंकण और गोवा में 25 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. तटीय कर्नाटक में भी व्यापक और भारी बारिश का अनुमान है.

ये भी पढ़ें- अमित शाह ने एसीबी पर दबाव डाल कर सत्येंद्र जैन को कराया गिरफ्तार- केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button