US Tariff On India : भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से प्रतीक्षित ट्रेड डील को लेकर बड़ा ऐलान हो गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत पर लगाए जाने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है.
इस घोषणा से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की है. इसके बाद ट्रंप ने दावा किया कि पीएम मोदी रूस से तेल की खरीद कम करने और अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदने पर सहमत हो गए हैं.
भारत वेनेजुएला से भी तेल खरीदेगा
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर भारत वेनेजुएला से भी तेल खरीदेगा. अमेरिका ने पहले रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर 25 प्रतिशत पेनाल्टी टैरिफ लगाने का ऐलान किया था, जिससे भारत पर कुल अमेरिकी टैरिफ बढ़कर 50 प्रतिशत तक पहुंच गया था.
रूस से तेल की खरीद में कटौती की
वही, व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि अमेरिका यह 25 प्रतिशत पेनाल्टी टैरिफ भी हटाने जा रहा है, क्योंकि भारत ने रूस से तेल की खरीद में कटौती की है. हालांकि व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि दोनों देशों के बीच समझौता रूस से तेल की खरीद कम करने का नहीं, बल्कि उसे पूरी तरह बंद करने का है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी दावा किया है कि ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत भारत अमेरिका से करीब 500 अरब डॉलर यानी लगभग 46 लाख करोड़ रुपये से अधिक का सामान खरीदेगा.
टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया
ट्रंप के इस फैसले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्हें धन्यवाद दिया. पीएम मोदी ने लिखा, “राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके मुझे बेहद खुशी हुई. यह जानकर संतोष है कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है. इस महत्वपूर्ण फैसले के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का हार्दिक धन्यवाद.”
अपने देश के मजबूत व सम्मानित नेता
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा कि आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करना उनके लिए सम्मान की बात रही, उन्होंने कहा कि पीएम मोदी उनके सबसे करीबी दोस्तो में से एक हैं और अपने देश के मजबूत व सम्मानित नेता हैं.
वेनेजुएला से भी तेल खरीदने पर सहमत हो गए
ट्रंप के मुताबिक, बातचीत के दौरान व्यापार से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने को लेकर भी बातचीत हुई, उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल की खरीद बंद करने और अमेरिका तथा संभवतः वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हो गए हैं. ट्रंप ने कहा कि इससे यूक्रेन में जारी युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जहां हर सप्ताह हजारों लोगों की जान जा रही है.
अपने पोस्ट में ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत के साथ अमेरिका के रिश्ते आने वाले समय में और मजबूत होंगे, उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी और वह दोनों ऐसे नेता हैं जो सिर्फ बात नहीं करते, बल्कि काम करके दिखाते हैं.
ये भी पढ़ें – राहुल गांधी के आरोप हुए बेबुनियाद, बीजेपी ने जारी किया पूर्व सेना प्रमुख नरवणे का वीडियो
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









