वायरल

तलाक के बाद फिर एक हुए जापानी जोड़े, लखनऊ के राधा-कृष्ण मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से रचाई शादी

International Wedding : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुई एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. जापान से आए हिरो चिहारा और शिसु ने गोमतीनगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भारतीय परंपराओं के अनुसार एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना. इस शादी की खास बात यह है कि दोनों का वर्ष 2022 में तलाक हो चुका था, लेकिन समय के साथ उनके रिश्ते में फिर से नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने दोबारा साथ रहने का फैसला किया. अब दोनों ने भारतीय रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर अपने रिश्ते को नया नाम दिया है.

हिरो चिहारा के मुताबिक, साल 2022 में उनका और शिसु का तलाक हो गया था. इसके बाद 2023 में दोनों ने अपने रिश्ते को एक और मौका देने का निर्णय लिया और फिर से साथ रहने लगे. हिरो ने बताया कि इस फैसले तक पहुंचने में उनके भारतीय दोस्तों का अहम योगदान रहा. दोस्तों ने दोनों को समझाया और रिश्ते को दोबारा मजबूत बनाने में मदद की.

भारतीय संस्कृति के प्रति है खास लगाव

हिरो ने बताया कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति उनके मन में हमेशा से सम्मान रहा है. भारत में हिंदू रीति-रिवाजों से शादी करना उनकी पुरानी इच्छा थी, उन्होंने लखनऊ को इसलिए चुना, क्योंकि उनके एक करीबी भारतीय दोस्त का यह गृह नगर है. इस शहर से उनका खास जुड़ाव भी है.

शिसु ने भी भारतीय संस्कृति के प्रति अपना प्रेम जाहिर किया, उन्होंने कहा कि शादी में बड़ी संख्या में भारतीय दोस्तों की मौजूदगी ने इस पल को और यादगार बना दिया. समारोह में परिवार के सदस्य, बच्चे और करीबी मित्र शामिल हुए. भारतीय परंपराओं के बीच संपन्न हुई इस शादी ने दोनों के लिए एक नई शुरुआत का रूप ले लिया. तलाक के बाद दोबारा साथ आए इस जोड़े की शादी अब लखनऊ में चर्चा का विषय बनी हुई है.

ये भी पढ़ें – पार्टी स्थापना दिवस पर मोगा से AAP का चुनावी आगाज, केजरीवाल-मान के साथ मंच पर दिखेंगे 71 उम्मीदवार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button