Uttar Pradesh

UP चुनाव 2027 में कांग्रेस की 130 सीटों की मांग पर सपा ने दिया 26 सीटों का प्रस्ताव, रामगोपाल ने समझाया गणित

UP Election 2027 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत तेज हो गई है. सोमवार को दोनों दलों के नेताओं के बीच हुई पहली बैठक के बाद मंगलवार को समन्वय समिति की दूसरे दौर की चर्चा होने जा रही है. इस बीच सीटों की संख्या को लेकर दोनों पार्टियों के बीच अंतर सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने शुरुआती तौर पर कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटें देने का प्रस्ताव तैयार किया है. वहीं, कांग्रेस अपनी संशोधित सूची में शामिल 130 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर रही है.

सपा ने कांग्रेस के लिए सीटों का चयन 2022 के विधानसभा चुनाव के प्रदर्शन को ध्यान में रखकर किया है. प्रस्तावित 26 सीटों में दो ऐसी हैं, जहां कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी, जबकि चार सीटों पर पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी. बाकी 20 सीटें भी कांग्रेस को देने का प्रस्ताव है.

सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने बताया कि कांग्रेस को 26 सीटें दी गई हैं, उन्होंने कहा कि इनमें दो जीती हुई और चार ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी. बाकी 20 सीटों पर सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को करीब 2 हजार वोट मिले थे. इसके बावजूद सपा ने ये सीटें कांग्रेस को देने का प्रस्ताव रखा है.

कांग्रेस ने 181 से घटाकर 130 की सूची की

दरअसल, कांग्रेस ने शुरुआत में 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी. पार्टी ने इन सीटों को ए, बी और सी तीन श्रेणियों में बांटा था. इनमें ए श्रेणी की 85 सीटों को कांग्रेस अपने लिए खास प्राथमिकता वाली मान रही है. सोमवार की बैठक में सपा की ओर से सूची छोटी करने का सुझाव मिलने के बाद कांग्रेस ने अपनी मांग घटाकर 130 सीटें कर दी.

मंगलवार की बैठक में सपा कांग्रेस से बाकी सीटों पर चुनावी स्थिति और संभावित उम्मीदवारों का ब्योरा मांग सकती है. पार्टी चाहती है कि सीटों का बंटवारा केवल मांग के आधार पर नहीं, बल्कि स्थानीय चुनावी समीकरणों को देखकर किया जाए. फिलहाल दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है. सीटों की अंतिम संख्या और गठबंधन के स्वरूप पर आधिकारिक घोषणा होना बाकी है.

ये भी पढ़ें – पार्टी स्थापना दिवस पर मोगा से AAP का चुनावी आगाज, केजरीवाल-मान के साथ मंच पर दिखेंगे 71 उम्मीदवार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button