राष्ट्रीय

एयर इंडिया की टर्बुलेंस वाली फ्लाइट के एक पायलट का डोप टेस्ट पॉजिटिव, DGCA कर रहा जांच

Air India : एअर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट AI2379 में टर्बुलेंस की घटना के बाद दोनों पायलटों का डोप टेस्ट कराया गया. यह टेस्ट तय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत किया गया. कुछ दिन पहले उड़ान के दौरान तेज टर्बुलेंस के कारण विमान करीब 300 फीट नीचे आ गया था.

सूत्रों के मुताबिक, दोनों पायलटों में से एक का डोप टेस्ट पॉजिटिव आया है. मामले की जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया गया है. फिलहाल इस घटना की जांच डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) कर रहा है.

DGCA की जांच के बाद होगा अगला फैसला

MOCA के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, DGCA की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद तय किया जाएगा कि मामले की आगे की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) से कराने की जरूरत है या नहीं.

वहीं, एअर इंडिया ने टेस्ट के नतीजे पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है. एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि नियमों के अनुसार फ्लाइट के बाद दोनों पायलटों का स्क्रीनिंग टेस्ट हुआ था, लेकिन इसके परिणाम एअर इंडिया के साथ साझा नहीं किए गए हैं.

एअर इंडिया ने क्या कहा?

एअर इंडिया के प्रवक्ता के मुताबिक, कंपनी सिविल एविएशन नियमों के तहत अपने क्रू मेंबर्स का नियमित ड्रग टेस्ट भी कराती है. एयरलाइन ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह जांच कर रहे अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करेगी.

इस तरह फिलहाल पायलट के डोप टेस्ट के पॉजिटिव होने की जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है, जबकि एअर इंडिया ने टेस्ट के परिणाम प्राप्त नहीं होने की बात कही है.

4 अगस्त को हुई थी टर्बुलेंस की घटना

बता दें कि 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में उड़ान के दौरान तेज टर्बुलेंस की घटना हुई थी. इसके बाद करीब 24 यात्रियों को मेडिकल परेशानी के कारण अस्पताल ले जाया गया था.

सिविल एविएशन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने बताया था कि इनमें से ज्यादातर यात्रियों को शुरुआती कुछ घंटों में ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी.

ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button