भारत ने बांग्लादेश को दिया बड़ा व्यापारिक झटका, चीन से बढ़ती नज़दीकी पड़ी भारी, लैंड पोर्ट्स से आयात पर लगा बैन

India Bangladesh Trade
India Bangladesh Trade: भारत और बांग्लादेश के बीच हाल ही में व्यापारिक रिश्तों में तनाव देखने को मिला है, जिसकी वजह बनी है बांग्लादेश की चीन के साथ बढ़ती नजदीकियां और भारत विरोधी टिप्पणियां। जवाब में भारत ने बड़ा कदम उठाते हुए बांग्लादेश से आने वाले कई सामानों के लिए भूमि बंदरगाहों (Land Ports) के माध्यम से आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध शनिवार, 17 मई से लागू कर दिया गया है।
क्या है भारत का नया फैसला?
विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, अब बांग्लादेश से रेडीमेड कपड़ों का आयात केवल न्हावा शेवा (महाराष्ट्र) और कोलकाता बंदरगाह के माध्यम से ही किया जा सकेगा। असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम और पश्चिम बंगाल के सभी भूमि सीमा शुल्क स्टेशनों (LCS) और एकीकृत चेक पोस्ट (ICP) के माध्यम से इन सामानों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
किन उत्पादों पर लगा है प्रतिबंध?
प्रतिबंधित उत्पादों की सूची में शामिल हैं:
- रेडीमेड गारमेंट्स
- प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स (जैसे स्नैक्स, चिप्स, कन्फेक्शनरी, फल आधारित पेय)
- प्लास्टिक के उत्पाद
- रंग, लकड़ी के फर्नीचर, कपास अपशिष्ट आदि
हालांकि, मछली, एलपीजी और खाद्य तेल जैसे आवश्यक सामानों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
क्यों उठाया गया यह कदम?
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने हाल ही में चीन दौरे के दौरान भारत विरोधी टिप्पणी की थी। उन्होंने दावा किया कि भारत के पूर्वोत्तर राज्य बांग्लादेश पर निर्भर हैं और चीन को इस क्षेत्र में व्यापार के लिए आमंत्रण दिया। इसके बाद भारत ने बांग्लादेश की ओर से मिलने वाली ट्रांसशिपमेंट सुविधा को 9 अप्रैल को वापस ले लिया, और अब आयात नीति में बदलाव करते हुए यह कड़ा फैसला लिया है।
बांग्लादेश को कितना नुकसान?
भारत के इस कदम से बांग्लादेश की निर्यात लागत में भारी बढ़ोतरी होगी। अब तक बांग्लादेश का 93% व्यापार भारत के साथ लैंड पोर्ट्स के माध्यम से होता था। अब इनकी जगह केवल दो समुद्री बंदरगाह ही विकल्प रह जाएंगे, जिससे लॉजिस्टिक्स महंगे हो जाएंगे। उदाहरण के तौर पर 2023 में बांग्लादेश ने कुल $38 अरब डॉलर के रेडीमेड गारमेंट्स का निर्यात किया था, जिसमें से $700 मिलियन डॉलर का निर्यात भारत को किया गया। भारत के नए फैसले का सीधा असर इस कारोबार पर पड़ेगा।
बांग्लादेश को चेतावनी
भारत का यह कदम सिर्फ एक आर्थिक प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि रणनीतिक चेतावनी भी है कि भारत विरोधी बयानों और चीन के प्रभाव में लिए गए फैसलों की कीमत चुकानी पड़ सकती है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि बांग्लादेश अपने रुख में कोई बदलाव करता है या भारत के जवाबी एक्शन को नजरअंदाज करता है।
ये भी पढ़ें: इसरो का 101वां मिशन असफल, EOS-09 सैटेलाइट नहीं पहुंच सका कक्षा में, तीसरे चरण में आई तकनीकी गड़बड़ी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप