Jharkhand News : पूर्व मध्य रेल के दीन दयाल उपाध्याय (DDU)-गया-प्रधानखांटा रेलखंड पर बुधवार को 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति क्षमता के साथ रेल परिचालन के लिए निरीक्षण और ट्रायल किया गया। यह ट्रायल मॉनीटरिंग सिस्टम से लैस विशेष ट्रेन द्वारा किया गया, ताकि अवसंरचना उन्नयन के बाद खंड की गति क्षमता का आकलन किया जा सके।
गया जंक्शन तक 180 किमी/घंटा की रफ्तार से पहुंची
ट्रायल ट्रेन ने पहले डाउन दिशा में डीडीयू जंक्शन से गया जंक्शन होकर प्रधानखांटा तक यात्रा की और फिर अप दिशा में प्रधानखांटा से डीडीयू जंक्शन लौट आई। ट्रेन सुबह 11 बजे डीडीयू से रवाना हुई और सासाराम, देहरी ऑन सोन और अनुग्रह नारायण रोड होते हुए गया जंक्शन तक 180 किमी/घंटा की रफ्तार से पहुंची। गया से ट्रेन में धनबाद रेल मंडल के डीआरएम और अन्य अधिकारी सवार हुए, जो कोडरमा, पारसनाथ, गोमोह और धनबाद होते हुए प्रधानखांटा स्टेशन तक गए।
प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत
ट्रायल के दौरान सभी स्टेशनों और हाल्ट पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तैनाती की गई थी। यात्रियों और स्थानीय लोगों को ट्रेन गुजरने से पहले प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई। रेलवे ने सार्वजनिक अपील की कि वे ट्रैक के पास न आएं और अपने मवेशियों को भी ट्रैक से दूर रखें। सभी समपार फाटकों और फुट ओवर ब्रिज का सही इस्तेमाल करने की सलाह भी दी गई।
हाई-स्पीड ट्रेन के गुजरने की सूचना
कोडरमा स्टेशन पर ट्रेन गुजरने से लगभग आधे घंटे पहले रेलवे ने माइक के जरिए यात्रियों को सतर्क किया। जैसे ही लोगों को हाई-स्पीड ट्रेन के गुजरने की सूचना मिली, वे उत्साहित हो गए और कई लोग फुट ओवर ब्रिज पर खड़े होकर मोबाइल में इस पल को कैद करने लगे।
कोडरमा से हावड़ा का सफर
यात्री अदिति सिंह ने कहा कि इस हाई-स्पीड ट्रेन के परिचालन से हावड़ा और दिल्ली जैसे महानगरों की यात्रा में समय की काफी बचत होगी। कोडरमा से हावड़ा का सफर अब 3-5 घंटे और दिल्ली की दूरी लगभग 10 घंटे में तय की जा सकेगी, जो यात्रियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा।
ये भी पढ़ें- Bank Holidays Alert : कल से 4 दिन के लिए बैंक बंद, डिटेल में पढ़ें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









