खेल

कनाडा की धरती पर पहली बार खेला गया फीफा वर्ल्ड कप मैच, बोस्निया से मुकाबला ड्रॉ

FIFA World Cup 2026 : फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेजबान कनाडा अपने पहले मुकाबले में जीत दर्ज नहीं कर सका. ग्रुप बी के मैच में बोस्निया एंड हर्जेगोविना ने कनाडा को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया. इस परिणाम के साथ दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला.

यह मुकाबला कई मायनों में खास रहा, क्योंकि फीफा विश्व कप के इतिहास में पहली बार कनाडा की धरती पर कोई मैच खेला गया. इस बार विश्व कप की संयुक्त मेजबानी कनाडा, अमेरिका और मेक्सिको कर रहे हैं.

खेल पर कनाडा का दबदबा साफ दिखाई दिया

इस मैच में पहला झटका कनाडा को लगा, जब 19वें मिनट में बोस्निया एंड हर्जेगोविना के जोवो लूकिच ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. इसके बाद कनाडा ने लगातार दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन पहले हाफ में उसे सफलता नहीं मिली.

हालांकि स्कोरलाइन में बोस्निया आगे थी, लेकिन खेल पर कनाडा का दबदबा साफ दिखाई दिया. पूरे मैच के दौरान 61 प्रतिशत समय गेंद कनाडाई खिलाड़ियों के पास रही. कनाडा ने 13 बार गोल करने के उद्देश्य से विपक्षी क्षेत्र में प्रवेश किया, जबकि बोस्निया एंड हर्जेगोविना की टीम ऐसा केवल 8 बार कर सकी.

78वें मिनट में कनाडा ने बराबरी की

दूसरे हाफ में बोस्निया की टीम अधिकतर समय रक्षात्मक रणनीति अपनाती नजर आई. दूसरी ओर कनाडा लगातार बराबरी के गोल की तलाश में आक्रामक खेल दिखाता रहा. उसका प्रयास 78वें मिनट में सफल हुआ, जब क्रिस्टोफर लारिन ने गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया.

अंत तक दोनों टीमों में से कोई भी बढ़त हासिल नहीं कर सकी और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ. ग्रुप बी में कनाडा और बोस्निया एंड हर्जेगोविना के अलावा स्विट्जरलैंड और कतर भी शामिल हैं.

गौरतलब है कि कनाडा फीफा विश्व कप में तीसरी बार हिस्सा ले रहा है. इससे पहले 1986 और 2022 के संस्करणों में कनाडाई टीम ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाई थी.

ये भी पढ़ें- सोने में निवेश को लेकर बदला नजरिया, विशेषज्ञ बोले- नई खरीदारी से बचें निवेशक

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button