खेलमनोरंजन

अलग हुए पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल, मंगेतर ने सोशल मीडिया पर साझा की जानकारी

Prithvi Aakriti Breakup : भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ इन दिनों अपनी पेशेवर जिंदगी के साथ-साथ निजी जीवन को लेकर भी सुर्खियों में हैं। उनकी मंगेतर आकृति अग्रवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दोनों के अलग होने की जानकारी दी है। आकृति ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए इस फैसले के बारे में बताया।

आकृति अग्रवाल ने पोस्ट कर दी अलग होने की जानकारी

आकृति अग्रवाल ने अपने पोस्ट में बताया कि उन्होंने और पृथ्वी शॉ ने अपने भविष्य के लक्ष्यों और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अलग होने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच प्यार और परवाह होने के बावजूद उन्हें एहसास हुआ कि उनके रास्ते अब साथ चलने के लिए नहीं हैं। अपनी जिम्मेदारियों और मौजूदा हालात को ध्यान में रखते हुए दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया।

मुश्किल समय में निजता का सम्मान करने की अपील

आकृति ने अपने संदेश में दोनों के लिए आगे के जीवन में शांति और खुशी की कामना की। साथ ही उन्होंने लोगों से इस मुश्किल दौर में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनके रिश्ते से जुड़े फैसले के पीछे के कारणों को लेकर किसी तरह का अनुमान न लगाया जाए और उनकी स्थिति को समझते हुए निजता का सम्मान किया जाए।

मार्च 2026 में हुई थी दोनों की सगाई

गौरतलब है कि पृथ्वी शॉ और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं अभिनेत्री आकृति अग्रवाल ने 8 मार्च 2026 को सगाई की थी। पिछले कुछ दिनों से दोनों के रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आ रही थीं। अब आकृति की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद दोनों के अलग होने की जानकारी सामने आई है।

भारतीय टीम से बाहर हैं पृथ्वी शॉ

26 वर्षीय पृथ्वी शॉ को एक समय भारतीय क्रिकेट का उभरता हुआ सितारा माना जाता था। उन्होंने 2018 में महज 18 साल की उम्र में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था और अपने डेब्यू मैच में शतक भी लगाया था। हालांकि, बाद में उनके प्रदर्शन में गिरावट आई और वह भारतीय टीम से बाहर हो गए। फिलहाल शॉ घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में भी अपनी जगह बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें – रूसी तेल खरीद को लेकर भारत-चीन पर दबाव, अमेरिका ने 100% टैरिफ की दी चेतावनी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button