Mallikarjun Kharge : नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव का काम लगातार जारी है. बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है और कई लोगों की जान जाने के साथ बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. इस मुश्किल घड़ी में भारत की ओर से भी राहत और बचाव के प्रयास किए जा रहे हैं. इसी बीच नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है.
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में खरगे ने नेपाल की स्थिति पर चिंता जताई, उन्होंने कहा कि हाल की मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक बाढ़ की वजह से 500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 1,000 लोग अब भी लापता हैं. बड़ी संख्या में प्रभावित लोगों को भोजन, दवाइयों, रहने की जगह और दूसरी जरूरी चीजों की तत्काल जरूरत है.
खरगे ने केंद्र सरकार से नेपाल सरकार के साथ मिलकर प्रभावित लोगों तक पर्याप्त मानवीय और राहत सहायता पहुंचाने का आग्रह किया.
320 भारतीयों से नहीं हो पा रहा संपर्क
कांग्रेस अध्यक्ष ने नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों को लेकर भी चिंता जताई, उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय से मिली ताजा जानकारी के अनुसार करीब 320 भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है.
खरगे ने प्रधानमंत्री से संबंधित अधिकारियों को बचाव अभियान तेज करने और नेपाल के अलग-अलग हिस्सों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जरूरी कदम उठाने का अनुरोध किया.
सुरक्षित भारत वापसी की मांग
खरगे ने पत्र में कहा कि नेपाल में फंसे या जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है, ऐसे भारतीय नागरिकों की जल्द पहचान कर उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाने चाहिए.
उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार नेपाल के इस कठिन समय में हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए तत्काल कदम उठाएगी.
ये भी पढ़ें- चीनी की कीमतों पर बड़ी राहत, 20% तक सस्ती हुई शुगर, सरकार ने लिया बड़ा फैसला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









