Patna Road Accident : पटना के बाईपास थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे के बाद हालात अचानक बिगड़ गए. नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आए.
युवक की मौत से नाराज लोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया. देखते ही देखते मौके पर भीड़ बढ़ गई और मामला तनावपूर्ण हो गया. लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त बस को घेर लिया और उसमें आग लगा दी. कुछ ही समय में बस पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई.
आग बुझाने के लिए दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ के विरोध के कारण दमकलकर्मी कार्रवाई नहीं कर सके और उन्हें वापस लौटना पड़ा. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा.
बस के साथ कई अन्य वाहनों में लगाई आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्साई भीड़ ने केवल हादसे वाली बस को ही निशाना नहीं बनाया, बल्कि आसपास खड़ी चार से पांच अन्य गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया. इस दौरान पुलिस और मीडिया कर्मियों पर पथराव किए जाने की सूचना भी सामने आई. घटना के बाद नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बनी रही.
मौके पर पहुंचा अतिरिक्त पुलिस बल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत करने की कोशिश की. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही हिंसा और आगजनी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है. इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









