Uttar Pradesh

काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा होगी और मजबूत, केंद्र सरकार को निःशुल्क पट्टे पर दी जाएगी 4.19 एकड़ भूमि

Kashi Vishwanath Dham : काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है. वाराणसी की तहसील सदर में स्थित 4.19 एकड़ (1.697 हेक्टेयर) सरकारी भूमि गृह मंत्रालय, भारत सरकार को निःशुल्क पट्टे पर आवंटित की जाएगी. इस जमीन पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की स्थायी तैनाती के लिए व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा बल तुरंत कार्रवाई कर सकें. हालांकि, यह आवंटन न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा.

इस निर्णय से काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था को संस्थागत मजबूती मिलेगी. साथ ही, आपात परिस्थितियों में सुरक्षा बलों की त्वरित उपलब्धता और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी. इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए सुरक्षित और निर्बाध दर्शन की व्यवस्था को और मजबूती प्राप्त होगी.

काशी विश्वनाथ धाम के भव्य पुनर्निर्माण के बाद यहां प्रतिदिन देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं, पर्यटकों और विशिष्ट महानुभावों का आवागमन होता है. श्रद्धालुओं की भारी संख्या और क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय एवं अधिक प्रभावी बनाना आवश्यक है. इसी आवश्यकता के दृष्टिगत केंद्रीय सुरक्षा बलों की स्थायी तैनाती के लिए भूमि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है.

90 साल के लिए निःशुल्क पट्टा आवंटन

आवंटित की जाने वाली भूमि ग्राम किला कोहना एवं सरैताबाद में स्थित है. सर्किल रेट के अनुसार इसका वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 44.04 करोड़ रुपये है. भूमि नॉन जेडए श्रेणी की है. इसे ‘सरकारी सम्पत्ति के प्रबन्ध से सम्बन्धी (संशोधन) नियमावली, 2003’ के विशेष प्राविधानों के अंतर्गत 30-30 वर्ष के नवीनीकरण के आधार पर अधिकतम 90 वर्षों के लिए निःशुल्क पट्टे पर आवंटित किया जाएगा.

पट्टे की शर्तों के अनुसार भूमि पूर्णतः असंक्रमणीय होगी और इसका उपयोग केवल सुरक्षा सुदृढ़ीकरण के निर्धारित उद्देश्य के लिए ही किया जा सकेगा. भूमि का स्वामित्व उत्तर प्रदेश शासन के राजस्व विभाग में ही निहित रहेगा. पट्टा विलेख का निष्पादन राज्यपाल महोदय की ओर से जिलाधिकारी, वाराणसी द्वारा किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- पंजाब में महिलाओं की सुरक्षा पर मान सरकार सख्त, पॉश एक्ट के अनुपालन संबंधी सभी विभागों को बड़ा आदेश

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button