Ujjain Bulldozer Action : पिछले कुछ सालों से भाजपा शासित राज्यों में बुलडोजर कार्रवाई काफी चर्चा में रही। अब उज्जैन के महाकाल मंदिर के पास बेगमबाग में देर रात प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की है। इस दौरान आधा दर्जन पोकलेन मशीनों से 16 अवैध भवनों को जमींदोज किया गया। यह इलाका मुस्लिम बहुल है। कार्रवाई में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई लोअर कोर्ट, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के स्टे समाप्त होने के बाद की गई।
पहले भी हुई है कार्रवाई
उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि यूडीए द्वारा 1985 के आसपास आवासीय योजना शुरू की गई थी। इसमें फ्रंट के मकान आवासीय उपयोग के लिए आवंटित किया गया था, लेकिन बाद में लीज की शर्तों का उल्लंघन किया गया। कई भूखंडों का अवैध तरीके से विभाजन किया गया, इसमें लगभग 90-95 निर्माण खड़े कर दिए गए। इस पर सुनवाई की गई, सुनवाई के बाद लगभग 45 लीज निरस्त कर दी गई थी।
नीलकंंठ द्वार से शुरू हुई कार्रवाई
प्रशासन की कार्रवाई महाकाल मंदिर के नीलकंठ द्वार के पास से शुरू की गई। इस दौरान 11 भूखंड़ पर बने 16 अवैध निर्माण को हटाया गया। सीएसपी राहुल देशमुख ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कोतवाली अनुभाग के सभी थाना प्रभारियों के साथ 50 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित रहे। कार्रवाई में खाली कराए गए भूखंड पर यूडीए द्वारा कब्जा कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस जमीन का उपयोग हरिफाटक ब्रिज के चौड़ीकरण और महाकाल मंदिर मार्ग को व्यवस्थित करने के लिए किया जाएगा।
ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
सीएसपी राहुल देशमुख ने बताया कि पूरे क्षेत्र में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे कोई असुविधा न हो। कार्रवाई के दौरान आसपास की गलियों में बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। प्रशासन ने बताया कि अतिक्रमण पर ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें- तेहरान के प्रमुख अस्पताल पर Israel-US का हमला, ट्रंप के 5 दिन रोकने के ऐलान के बाद भी तबाही
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









