Other States

‘नॉन-वेज चाय’ पी रहे हैं खिलाड़ी? बॉम्बे हाईकोर्ट ने MCA किचन की दोबारा जांच के दिए निर्देश

Mumbai Cricket Association : मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) की रसोई में गंदगी और कॉकरोच-मक्खियां मिलने के मामले पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने सख्त टिप्पणी की है. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या खिलाड़ियों को पता है कि वे ‘नॉन-वेज चाय’ पी रहे हैं? कोर्ट की यह टिप्पणी MCA की रसोई में सामने आई खराब साफ-सफाई की स्थिति को लेकर थी.

एक्टिंग चीफ जस्टिस रविंद्र घुघे और जस्टिस गौतम अनखड़ की बेंच MCA की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित परिसर के पांच रेस्टोरेंट के लाइसेंस सस्पेंड करने के FDA के फैसले को चुनौती दी गई है.

किचन में मिलीं मक्खियां और कॉकरोच

हाल ही में FDA के निरीक्षण के दौरान MCA के इन रेस्टोरेंट की रसोई में बड़ी संख्या में कॉकरोच और मक्खियां मिली थीं. फर्श भी गंदा पाया गया था. इसके बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पांचों रेस्टोरेंट के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए.

MCA की ओर से सीनियर एडवोकेट विक्रम ननकानी ने दलील दी कि लाइसेंस सस्पेंड करने से पहले सुधार नोटिस दिया जाना चाहिए था, उन्होंने कहा कि किचन बंद होने के कारण मैदान पर आने वाले क्रिकेटरों को चाय तक नहीं मिल पा रही है.

27 अगस्त को फिर होगा निरीक्षण

कोर्ट ने कहा कि अगर निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों का उल्लंघन मिलता है तो FDA तत्काल लाइसेंस सस्पेंड कर सकता है. इसके लिए हर मामले में पहले सुधार नोटिस देना जरूरी नहीं है.

हालांकि, कोर्ट ने MCA को खिलाड़ियों के लिए चाय और कॉफी उपलब्ध कराने के लिए वेंडिंग मशीन लगाने की अनुमति दे दी.

कोर्ट ने FDA की कार्रवाई की सराहना की

बेंच ने FDA की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करना जरूरी है. कोर्ट ने FDA को 27 अगस्त को MCA के पांचों किचन का दोबारा निरीक्षण करने का निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई 29 अगस्त को होगी.

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर रेस्टोरेंट कमियां दूर कर लेते हैं तो लाइसेंस सस्पेंशन अनिश्चितकाल तक जारी नहीं रह सकता. FDA का मकसद खामियां दूर कराना है और उद्देश्य पूरा होने पर लाइसेंस बहाली पर विचार किया जाना चाहिए.

ये भी पढ़ें – 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ, डॉ. बलबीर सिंह ने लोगों से नेत्रदान के लिए आगे आने की अपील

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button