Biharराज्य

प्रिंस यादव की मौत के बाद कोचिंग विवाद में नया मोड़, रौशन आनंद ने की जांच की मांग

Bihar News : बिहार की कोचिंग इंडस्ट्री में चल रहा विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. ज्ञान बिंदु जीएस अकादमी के संचालक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामले ने कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा तेज कर दी है.

सोमवार को बेउर जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद रौशन आनंद मीडिया के सामने आए. इस दौरान उन्होंने अपने भाई की मौत को लेकर कई सवाल उठाए और कहा कि इस मामले की निष्पक्ष तथा गहन जांच कराई जानी चाहिए. उनका कहना था कि वह इसे सामान्य घटना मानने के पक्ष में नहीं हैं और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

भाई की मौत के मामले में न्याय की मांग

मीडिया से बातचीत में रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ लगातार साजिश की जा रही है और पूरे प्रकरण को प्रभावित करने का प्रयास हो रहा है. हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया, उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव पैदा करना नहीं, बल्कि अपने भाई की मौत के मामले में न्याय की मांग करना है.

मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद

रौशन आनंद ने कहा कि उन्हें कानून और न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है, उन्होंने स्वयं को सनातनी हिंदू बताते हुए कहा कि वह जांच एजेंसियों और पुलिस को पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके.

आपको बता दें कि हाल के दिनों में पटना के दो प्रमुख कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद लगातार चर्चा में रहा है. इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए. विवाद के बीच मारपीट, तोड़फोड़ और गोलीबारी जैसी घटनाओं की भी चर्चा हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. इसी मामले में रौशन आनंद की गिरफ्तारी हुई थी और उन्हें जेल भेजा गया था.

सीबीआई जांच की मांग तेज

प्रिंस यादव की मौत के बाद यह मामला राजनीतिक स्तर पर भी पहुंच गया है. बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की है. वहीं, खान सर ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि प्रिंस यादव की मौत एक दुखद घटना है, लेकिन उनका इससे कोई संबंध नहीं है, उन्होंने यह भी कहा कि मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच होनी चाहिए ताकि सभी तथ्य सामने आ सकें.

ये भी पढ़ें – ईडी पार्टी के पदाधिकारी पंजाब में नशा बेचते पकड़े गए, क्या ईडी पार्टी से नशे के तार जुड़े हैं? – केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button