विदेश

मोजतबा खामेनेई का नया वीडियो आया सामने, घायल होने की अटकलों के बीच जानें कैसी है हालत

Mojtaba Khamenei : ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की सेहत और उनके ठिकाने को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच ईरानी समाचार एजेंसी मेहर न्यूज ने एक वीडियो जारी किया है. वीडियो में मोजतबा खामेनेई स्वस्थ दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, यह वीडियो कब का है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.

मेहर न्यूज ने यह वीडियो ऐसे समय जारी किया है, जब इजरायली मीडिया की रिपोर्टों में मोजतबा खामेनेई की हालत बेहद गंभीर होने और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराए जाने का दावा किया गया था. इस वीडियो के जरिए ईरानी मीडिया ने उनकी सेहत को लेकर चल रही अटकलों को खारिज करने की कोशिश की है. बता दें कि मेहर न्यूज का संचालन ईरानी सरकार के इस्लामिक डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन से जुड़ा है.

इजरायली मीडिया ने किए थे गंभीर दावे

शुक्रवार को इजरायली मीडिया की कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि मोजतबा खामेनेई की हालत बेहद गंभीर है. चैनल 14 ने ईरान के अंदर मौजूद सूत्रों के हवाले से यह दावा किया था.

इससे पहले जेरूसलम पोस्ट ने भी IranWire और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के प्रशासन के करीबी सूत्रों के हवाले से मोजतबा की सेहत को लेकर चिंता की बात कही थी. एक सूत्र ने उनकी मौत की खबर जल्द सामने आने की संभावना का भी दावा किया था.

पिता की मौत के बाद संभाली जिम्मेदारी

मोजतबा खामेनेई ने 28 फरवरी को अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद सर्वोच्च नेता का पद संभाला था. इसके बाद से वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं और अब तक लिखित बयानों के जरिए ही अपनी बात रखते रहे हैं.

रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया कि शुरुआती हमलों में मोजतबा घायल हुए थे. हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने उनकी चोटों को मामूली और सतही बताया था.

लाइव सामने नहीं आने से बढ़ी अटकलें

वहीं, ईरानी अधिकारियों का कहना है कि मोजतबा खामेनेई देश से जुड़े रणनीतिक फैसलों और संचालन के निर्देश लगातार दे रहे हैं. इसके बावजूद लंबे समय से उनका सार्वजनिक रूप से लाइव सामने नहीं आना उनकी सेहत और नेतृत्व को लेकर सवाल बढ़ा रहा है.

अब मेहर न्यूज की ओर से जारी वीडियो ने इन चर्चाओं को एक नया मोड़ दे दिया है, लेकिन वीडियो की तारीख स्पष्ट नहीं होने के कारण मोजतबा खामेनेई की मौजूदा स्थिति को लेकर अटकलें पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं.

ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button