Mumbai Rain : मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार तड़के बड़ा हादसा हो गया. कुर्ला के चिराग नगर इलाके में भूस्खलन से एक चॉल के पास मलबा गिर गया. हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है.
यह घटना गौसिया चॉल और राठौड़ मेडिकल के पास हुई. जानकारी मिलते ही BMC फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एंबुलेंस, बिजली वितरण कंपनी और BMC वार्ड की टीमें मौके पर पहुंचीं. मलबे को हटाकर लोगों को बाहर निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है. घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए भी व्यवस्था की गई है.
सुबह करीब 3:48 बजे मिली सूचना
BMC के मुताबिक, भूस्खलन की सूचना सुबह करीब 3:48 बजे मिली थी. शुरुआती जानकारी के अनुसार, रातभर हुई तेज बारिश के चलते पहाड़ का एक हिस्सा चॉल की ओर गिर गया. इसके बाद वहां मलबा जमा हो गया और लोगों के दबे होने की आशंका सामने आई.
DCP गणेश शिंदे ने बताया कि अशोकनगर इलाके में बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन में BMC, NDRF और पुलिस समेत अन्य एजेंसियों की टीमें जुटी हैं. हालांकि, उनके शुरुआती बयान में दो शव बरामद होने की जानकारी दी गई थी.
मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
रेस्क्यू टीमें लगातार मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं. मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है. प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाके में जरूरी इंतजाम किए गए हैं.
वहीं, IMD ने मुंबई में मानसूनी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है. मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. मुंबई के उपनगरों में मंगलवार सुबह बारिश का आंकड़ा 2,000 मिमी के पार पहुंच गया था.
प्रशासन पहले से ही ऐसे संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधान रहने की अपील कर रहा है. भारी बारिश के दौरान कमजोर और अवैध निर्माण वाले घरों में हादसे का खतरा बढ़ जाता है.
ये भी पढ़ें – शिमला-बिलासपुर हाईवे पर कार पर गिरी भारी चट्टान, 1 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









