विदेश

पेरू में 6.7 तीव्रता के भूकंप से कांपी धरती, कई इलाकों में महसूस हुए तेज झटके

Peru Earthquake : पेरू के दक्षिणी एंडीज पर्वतीय क्षेत्र में गुरुवार को 6.7 तीव्रता के भूकंप ने लोगों को हिला दिया. अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब एक बजे आया. इसका केंद्र अयाकुचो क्षेत्र के पारिनाकोचास प्रांत में उपाहुआचो शहर से करीब 38 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था. भूकंप की गहराई 66.7 किलोमीटर बताई गई है.

भूकंप के झटके पेरू के दक्षिणी हिस्सों में काफी दूर तक महसूस किए गए. इका और अरेक्विपा क्षेत्र में भी लोगों ने कंपन महसूस किया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है. हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में दो लोगों के घायल होने और कुछ इमारतों को नुकसान पहुंचने की बात कही गई है.

कुछ स्कूलों, घरों और अस्पतालों को नुकसान की भी रिपोर्ट सामने आई है, लेकिन अधिकारियों की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी भी जारी नहीं की गई.

गहराई ज्यादा होने से टला बड़ा नुकसान?

भूकंप का केंद्र जमीन के भीतर 66.7 किलोमीटर की गहराई में था. विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप की अधिक गहराई के कारण सतह पर इसका प्रभाव सीमित रह सकता है. यही वजह मानी जा रही है कि शुरुआती रिपोर्टों में बड़े पैमाने पर तबाही की सूचना नहीं है.

पेरू प्रशांत महासागर के आसपास फैले ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में आता है. यह करीब 40 हजार किलोमीटर लंबा घोड़े की नाल के आकार का भूगर्भीय क्षेत्र है, जहां लगातार भूकंपीय गतिविधियां होती रहती हैं. दुनिया के करीब 90 फीसदी भूकंप इसी क्षेत्र में आते हैं और यहां लगभग 75 फीसदी सक्रिय ज्वालामुखी मौजूद हैं.

पेरू ने पहले भी देखी भूकंप की तबाही

पेरू में नाजका प्लेट दक्षिण अमेरिकी प्लेट के नीचे धंस रही है. इस प्रक्रिया को सबडक्शन कहा जाता है. प्लेटों की इस हलचल के कारण यहां भूकंप आते हैं और एंडीज पर्वत श्रृंखला का निर्माण भी इसी भूगर्भीय प्रक्रिया से जुड़ा है.

पेरू ने पहले भी बड़े भूकंपों की तबाही देखी है. वर्ष 2007 में इका क्षेत्र में 7.9 तीव्रता के भूकंप में करीब 600 लोगों की मौत हुई थी. ऐसे में 6.7 तीव्रता के ताजा झटके के बाद भी अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

ये भी पढ़ें- दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर चला बुलडोजर, अवैध ढांचे हटाए गए, जानिए क्या है पूरा मामला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button