Other States

एअर इंडिया की फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी, टॉयलेट के शीशे पर मिला संदेश, टेकऑफ से पहले मचा हड़कंप

Kolkata Airport : कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एअर इंडिया की मुंबई जाने वाली फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने की सूचना सामने आई. विमान के एक टॉयलेट के शीशे पर धमकी भरा संदेश लिखा हुआ मिला. घटना की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं. विमान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल जांच अभियान शुरू किया गया.

जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया का विमान मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान विमान के एक टॉयलेट में शीशे पर लिखा धमकी भरा संदेश देखा गया. इसकी जानकारी मिलते ही पायलट ने बिना देरी किए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट कर दिया. इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को पूरे मामले की सूचना दी गई.

धमकी मिलने के बाद एहतियात के तौर पर विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया. यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और एयरपोर्ट के विशेष सुरक्षा कर्मियों ने तलाशी अभियान शुरू किया. सुरक्षा टीम विमान के अंदरूनी हिस्सों से लेकर अन्य सभी संभावित स्थानों की बारीकी से जांच कर रही है. इसका मकसद किसी भी संदिग्ध वस्तु या संभावित खतरे का पता लगाना है.

CCTV फुटेज खंगाल रहीं जांच एजेंसियां

घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने भी जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों की कोशिश है कि धमकी भरा संदेश लिखने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे किसका हाथ है. इसके लिए एयरपोर्ट परिसर और विमान के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां विमान की पूरी तलाशी लेने और धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं. जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी.

ये भी पढ़ें- Amritsar Police : अमृतसर में हथियारों के नेटवर्क का भंडाफोड़, 14 पिस्तौलों के साथ 6 गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button