Other States

मुंबई की हवा हुई जहरीली, कई इलाकों में AQI 480 के पार, देखें पूरी लिस्ट

Mumbai AQI : दिवाली की रोशनी और आतिशबाजी का जश्न खत्म होते ही देश के बड़े शहरों में प्रदूषण का असर साफ दिखाई देने लगा है. मुंबई से लेकर दिल्ली तक हवा की गुणवत्ता बिगड़ गई है. मुंबई के कई इलाकों में रात के समय AQI 480 के पार पहुंच गया, तो राजधानी दिल्ली में भी कई जगहों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 से ऊपर दर्ज किया गया. आसमान में छाई धुंध और स्मॉग ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.

मुंबई में दिवाली के बाद प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर अंधेरी, मानखुर्द और देवनार जैसे इलाकों में देखने को मिला, जहां रात के समय AQI 480 के पार चला गया. वहीं, चेंबूर, कुर्ला, खेरवाड़ी और बांद्रा में भी AQI 220 से अधिक दर्ज किया गया. हालांकि, सुबह होते-होते प्रदूषण के स्तर में कुछ सुधार हुआ. दादर और माटुंगा में AQI करीब 100 के आसपास पहुंच गया.

पटाखों पर प्रतिबंध लगाने की मांग

हवा में प्रदूषण के असर के चलते सुबह मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या भी कम दिखाई दी. इस दौरान लोगों की अलग-अलग राय सामने आई. कुछ लोगों ने पटाखों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की, जबकि कुछ का कहना था कि दिवाली साल में एक बार आती है और त्योहार के दौरान एक-दो दिन की परेशानी बर्दाश्त की जा सकती है.

कई इलाकों में AQI 400 के पार

उधर, दिल्ली में भी दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई. सुबह 6:30 बजे राजधानी का औसत AQI 366 दर्ज किया गया. कई इलाकों में यह 400 के पार पहुंच गया. घने स्मॉग के कारण आसमान धुंधला रहा और दृश्यता पर भी असर पड़ा. प्रदूषण को कम करने के लिए सड़कों पर एंटी-स्मॉग गन से पानी का छिड़काव किया जा रहा है.

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के मुताबिक, 301 से 400 के बीच AQI बेहद खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में आता है. ऐसे में दिवाली के बाद मुंबई और दिल्ली की हवा में बढ़ा प्रदूषण लोगों की सेहत और रोजमर्रा की जिंदगी के लिए चिंता का विषय बन गया है.

ये भी पढ़ें- पंजाब की खनन आय में 7 गुना उछाल, 123.5 करोड़ से 799 करोड़ पहुंची आय, केंद्र के सामने बरिंदर गोयल ने उठाया मुद्दा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button