PM Modi Bastar : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली के अवसर पर छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाबलों के जवानों के साथ त्योहार मनाया. इस दौरान उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लंबी लड़ाई में सफलता मिलने के बाद यह पहली दिवाली है, उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय सुरक्षा बलों के साहस, त्याग और समर्पण को दिया.
पीएम मोदी ने कहा कि कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहे बस्तर में आज विकास की नई धारा शुरू हुई है, उन्होंने कहा कि देश के वीर जवान और सुरक्षाबल उनके परिवार का हिस्सा हैं. इसी वजह से वह इस बार जवानों के बीच दिवाली मनाने पहुंचे हैं.
एक समय जवानों की शहादत ज्यादा होती थी
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ पिछली परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था, जब नक्सलियों के मारे जाने से ज्यादा संख्या में जवान शहीद होते थे, उन्होंने कहा कि उस दौर में नक्सलवाद को लाइलाज बीमारी मानकर छोड़ दिया गया था.
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद सरकार ने सुरक्षा बलों को फैसले लेने की पूरी आजादी दी और नक्सली संगठनों को मिलने वाले समर्थन को रोकने के लिए भी कदम उठाए, उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य था कि किसी मां की गोद सूनी न हो और किसी युवा का भविष्य बर्बाद न हो.
2026 की दिवाली को बताया खास
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में दावा किया कि पिछले 47 वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ कि एक साल में CRPF के किसी जवान को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ी, उन्होंने इसे जवानों के शौर्य, साहस और संयम का परिणाम बताया.
पीएम मोदी ने कहा कि 2026 की दिवाली इसलिए खास है, क्योंकि देश ने नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों से चली आ रही लड़ाई में जीत हासिल की है, उन्होंने सभी जवानों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके बलिदान को नमन किया.
ये भी पढ़ें- योगी सरकार में पारदर्शी भर्ती से मिली खाकी वर्दी, सीएम के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









