
Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के कोरबा के पाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। ग्राम नुनेरा की तीन मासूम बच्चियां नहाने के लिए अलगू तालाब पहुंची थीं, लेकिन वापस घर नहीं लौट सकीं। तालाब से तीनों के शव बरामद होने के बाद परिवारों में कोहराम मच गया।
तीनों बच्चियां एक ही बस्ती में रहती थीं
हादसे का शिकार हुई बच्चियों की पहचान इंदु अगरिया पिता दुर्जन उम्र 7 वर्ष, राखी पिता मलखम उम्र 8 वर्ष और साधना पिता सुखसिंह उम्र 8 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों आपस में सहेलियां थीं और नुनेरा की एक ही बस्ती में रहती थीं। बताया गया कि गुरुवार को तीनों स्कूल नहीं गई थीं और घर पर ही थीं, जबकि उनके परिजन काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे।
दोपहर में तालाब पहुंचीं, फिर नहीं लौटीं
दोपहर के वक्त तीनों सहेलियां गांव के अलगू तालाब में नहाने चली गईं। काफी समय गुजरने के बाद भी जब बच्चियां घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों के साथ परिजन तालाब पहुंचे तो वहां बच्चियों के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इससे अनहोनी की आशंका और गहरा गई।
एक शव दिखने के बाद मची अफरा-तफरी
तालाब के पास तलाश के दौरान पानी में इंदु का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और बच्चियों की तलाश में जुट गए।
पुलिस ने ग्रामीणों के साथ शुरू की तलाश
सूचना मिलने पर पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर काफी देर तक दोनों बच्चियों की तलाश की। प्रयासों के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।
तीनों परिवारों में छाया मातम
एक साथ तीन बच्चियों की मौत की खबर से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं नुनेरा गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तालाब पर नहीं था कोई मौजूद
बताया जा रहा है कि जिस समय तीनों बच्चियां तालाब में नहाने गई थीं, उस वक्त वहां कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। बाद में एक ग्रामीण तालाब के पास पहुंचा और उसने पानी में एक बच्ची का शव देखा। इसके बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
प्रारंभिक जांच में तीनों बच्चियों की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें – राहुल गांधी के पोस्ट पर BJP का पलटवार, सुधांशु त्रिवेदी बोले- जिन पार्टियों का नाम लिया, उनका इतिहास भी जानिए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









