Floris Jan Bovelander : नीदरलैंड के दिग्गज हॉकी खिलाड़ी फ्लोरिस यान बोवेलैंडर पंजाब में आयोजित ‘हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026’ देखने पहुंचे. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से मिले व्यक्तिगत निमंत्रण पर उन्होंने खुशी जाहिर की. बोवेलैंडर ने मुख्यमंत्री के हॉकी के प्रति जुनून और प्रेम की भी सराहना की, उन्होंने कहा कि पंजाब के बिना भारतीय हॉकी की कल्पना करना भी मुश्किल है.
जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में चल रहे टूर्नामेंट के दौरान बोवेलैंडर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उन्हें याद रखा और इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया, यह उनके लिए गर्व की बात है, उन्होंने बताया कि इसी निमंत्रण के बाद उन्होंने जालंधर आने का फैसला किया, उन्होंने इस साल अप्रैल में मुख्यमंत्री की नीदरलैंड यात्रा को भी याद किया.
भारत को बताया विश्व हॉकी का पावरहाउस
अक्टूबर 1985 से अगस्त 1996 तक नीदरलैंड की राष्ट्रीय टीम का हिस्सा रहे बोवेलैंडर ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 241 मैच खेले और 215 गोल किए. वह 1996 के अटलांटा ओलंपिक और 1990 विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम के सदस्य रहे हैं.
उन्होंने भारत को विश्व हॉकी का पावरहाउस बताते हुए कहा कि ओलंपिक आंदोलन को दुनियाभर में लोकप्रिय बनाने में एशियाई देशों, खासकर भारत और पाकिस्तान का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. भारतीय हॉकी के साथ अपने पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी कई यादें पंजाब के खिलाड़ियों, विशेष रूप से सिख खिलाड़ियों से जुड़ी हैं, उन्होंने भारतीय हॉकी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में पंजाब की भूमिका को अहम बताया.
पंजाब के युवा खिलाड़ियों को दिए हॉकी के टिप्स
अपनी यात्रा के दौरान बोवेलैंडर ने पंजाब के 37 कोचों और सुरजीत हॉकी अकादमी के उभरते खिलाड़ियों के साथ संयुक्त प्रशिक्षण सत्र में हिस्सा लिया, उन्होंने खुद हॉकी स्टिक से हिट लगाए और खिलाड़ियों से ड्रैग फ्लिक का अभ्यास भी करवाया. इस दौरान उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव के आधार पर खिलाड़ियों को तकनीकी सुझाव दिए. इस मौके पर ओलंपिक पदक विजेता गुरजंट सिंह, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता जीवनजोत सिंह तेजा और हॉकी कोच अवतार सिंह भी मौजूद रहे.
पंजाब के खेल विभाग ने हॉकी में उनके शानदार योगदान के लिए बोवेलैंडर को सम्मानित किया. पंजाब से मिले प्यार और आत्मीयता से प्रभावित होकर उन्होंने 4 और 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम में टूर्नामेंट के महत्वपूर्ण मुकाबलों में शामिल होने की प्रतिबद्धता भी जताई.
ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









