Delhi NCR

CJP की तिरंगा यात्रा से पहले दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, अभिजीत दीपके के ठिकाने पर पहुंची टीम

CJP Tiranga March : दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की प्रस्तावित तिरंगा यात्रा से पहले पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं. शुक्रवार शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में होने वाली यात्रा से पहले दिल्ली पुलिस की एक टीम NCP-SCP के प्रवक्ता अनीश गवांडे के घर पहुंची. बताया जा रहा है कि CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके यहां ठहरे हुए हैं. जानकारी के मुताबिक, पुलिस अपने साथ कुछ दस्तावेज लेकर पहुंची थी.

CJP ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में आंदोलन की घोषणा की थी. इससे पहले जंतर-मंतर के पास तिरंगा लेकर पहुंचे CJP कार्यकर्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया था. दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में हैं. अभिजीत दीपके ने उनकी गिरफ्तारी के विरोध में तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया है.

दीपके ने लगाए निगरानी के आरोप

इससे पहले अभिजीत दीपके ने दावा किया था कि बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियां उनका पीछा कर रही हैं और खुफिया ब्यूरो (IB) के कर्मचारी उनके घर पर नजर रख रहे हैं, उन्होंने शुक्रवार सुबह हिरासत में लिए जाने की आशंका भी जताई थी. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत लागू निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए लोगों से मार्च से दूर रहने की अपील की है.

व्यापारियों ने जताई चिंता

वहीं, नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने प्रदर्शन से कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताई है. संगठन का कहना है कि कनॉट प्लेस प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है और यहां प्रदर्शन से दुकानदारों की आजीविका, आम लोगों की आवाजाही तथा सार्वजनिक सेवाओं पर असर पड़ सकता है. व्यापारियों ने प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थानों का इस्तेमाल करने की अपील की है.

ये भी पढ़ें- UP में सोलर ऊर्जा की बड़ी छलांग, 9 लाख से ज्यादा घरों पर लगे रूफटॉप सोलर प्लांट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button