Russia Earthquake : रूस के सुदूर पूर्व में स्थित कामचटका प्रायद्वीप में शुक्रवार को 7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 3:35 बजे दर्ज किया गया. इसका केंद्र जमीन से लगभग 140 किलोमीटर की गहराई में था. शुरुआती जानकारी के अनुसार, भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई. अमेरिकी राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी समुद्री लहरों से किसी खतरे की आशंका से इनकार किया है.
भूकंप के बाद फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. संबंधित अधिकारियों की ओर से स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है. हालांकि, 7 तीव्रता का भूकंप शक्तिशाली माना जाता है और इसका प्रभाव भूकंप के केंद्र से दूरी, गहराई तथा स्थानीय परिस्थितियों पर निर्भर करता है.
‘रिंग ऑफ फायर’ में स्थित है कामचटका
कामचटका रूस के सुदूर पूर्व में स्थित करीब 1,250 किलोमीटर लंबा प्रायद्वीप है. इसके पश्चिम में ओखोटस्क सागर और पूर्व में प्रशांत महासागर तथा बेरिंग सागर स्थित हैं. यह इलाका अपनी ज्वालामुखीय गतिविधियों और भूकंपों के लिए जाना जाता है.
कामचटका प्रशांत महासागर के चारों ओर फैले भूकंपीय क्षेत्र ‘रिंग ऑफ फायर’ का हिस्सा है. यहां टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल के कारण अक्सर भूकंप आते हैं. राजनीतिक रूप से यह क्षेत्र कामचटका क्राई के अंतर्गत आता है, जहां लगभग 3.5 लाख लोग रहते हैं. इनमें से आधे से अधिक आबादी राजधानी पेट्रोपावलोव्स्क-कामचात्स्की में निवास करती है.
पिछले साल भी आया था विनाशकारी भूकंप
जुलाई 2025 में कामचटका के तट के पास 8.8 तीव्रता का भीषण भूकंप आया था. इसके बाद सुनामी की लहरें उठीं और एक तटीय गांव का कुछ हिस्सा समुद्र में बह गया था. इस क्षेत्र में लगातार होने वाली भूकंपीय गतिविधियां इसे दुनिया के संवेदनशील भूकंप संभावित इलाकों में शामिल करती हैं.
ये भी पढ़ें- UP में सोलर ऊर्जा की बड़ी छलांग, 9 लाख से ज्यादा घरों पर लगे रूफटॉप सोलर प्लांट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









