Uttarakhand

उत्तराखंड में बारिश का कहर, 12 की मौत, 172 सड़कें बंद, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

देश के कई राज्यों में भारी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तराखंड में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई सड़कें बंद हैं। बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं और कई इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

Uttarakhand Heavy Rain : देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए परेशानी बनती जा रही है। उत्तराखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भारी बारिश के कारण बाढ़, जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थितियां सामने आ रही हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।

उत्तराखंड में बारिश का कहर

उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश जारी है। मंगलवार को राज्य में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई। नैनीताल में नैनी झील का जलस्तर 88 फीट से ऊपर पहुंचने के बाद अतिरिक्त पानी निकालने के लिए चैनल खोल दिए गए हैं।

राज्य में करीब 172 सड़कें बंद हैं। नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश को देखते हुए पांच जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बिहार में बढ़ा बाढ़ का खतरा

बिहार में भी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गंगा, पुनपुन समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राजधानी पटना में सुबह से बारिश जारी रही, जिसके कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी।

भागलपुर में कटाव के चलते करीब 100 साल पुराना दुर्गा मंदिर गंगा नदी में समा गया। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

उत्तर प्रदेश में हादसे और बाढ़ का असर

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में भारी बारिश के कारण दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। गाजीपुर में गंगा नदी में नहाने गए दो नाबालिग बह गए। वहीं उन्नाव में बारिश के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पर करीब 7 फीट गहरा गड्ढा हो गया। इस मानसून में एक्सप्रेसवे पर धंसने की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। बलिया में करीब 20 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश

मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में बारिश का असर देखने को मिल रहा है।

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। रामघाट इलाके की करीब 400 दुकानें और 20 से 25 होटल पानी में डूब गए हैं। सतना में भारी बारिश के चलते 2 और 3 सितंबर को स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

ये भी पढ़ें- Ganesh Chaturthi 2026 : इस दिन विराजेंगे गणपति बप्पा, जानें स्थापना का शुभ मुहूर्त, 10 दिन तक गूंजेगा ‘गणपति बप्पा मोरया’

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button