Ganesh Chaturthi 2026 : भगवान गणेश को हिंदू धर्म में प्रथम पूज्य देवता माना जाता है। किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत गणपति पूजा के साथ करने की परंपरा है। हर साल भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से गणेशोत्सव की शुरुआत होती है।
साल 2026 में गणेश चतुर्थी का पर्व 14 सितंबर को मनाया जाएगा। इसी दिन से 10 दिवसीय गणपति उत्सव शुरू होगा। देशभर में घरों और बड़े पंडालों में गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाएगी।
गणेश चतुर्थी की तिथि और शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि 14 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजकर 6 मिनट से शुरू होगी। वहीं, इसका समापन 15 सितंबर को सुबह 7 बजकर 44 मिनट पर होगा। उदयातिथि के अनुसार गणेश चतुर्थी का पर्व 14 सितंबर को मनाया जाएगा। इसी दिन भक्त भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित कर विधि-विधान से पूजा करेंगे।
मूर्ति स्थापना का शुभ समय
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गणपति स्थापना के लिए मध्याह्न काल को सबसे शुभ माना जाता है। साल 2026 में गणेश प्रतिमा स्थापना का शुभ मुहूर्त 14 सितंबर को सुबह 11 बजकर 2 मिनट से दोपहर 1 बजकर 31 मिनट तक रहेगा। इस दौरान भक्त गणपति बप्पा की स्थापना कर पूजा और आरती कर सकते हैं। यह शुभ अवधि करीब 2 घंटे 28 मिनट की होगी।
मोदक और लड्डू का लगाया जाता है भोग
गणेशोत्सव के दौरान भक्त भगवान गणेश को रोजाना भोग लगाते हैं और आरती करते हैं। मान्यता है कि गणपति बप्पा को मोदक और लड्डू विशेष रूप से प्रिय हैं। कई स्थानों पर गणेशोत्सव के दौरान धार्मिक कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन और भव्य सजावट भी की जाती है। भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार एक, तीन, पांच, सात या दस दिनों तक गणपति को घर में विराजमान रखते हैं।
अनंत चतुर्दशी पर होगा विसर्जन
10 दिवसीय गणेशोत्सव का समापन अनंत चतुर्दशी के दिन होता है। साल 2026 में अनंत चतुर्दशी 25 सितंबर को मनाई जाएगी। इसी दिन गणपति बप्पा का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन के दौरान भक्त शोभायात्रा निकालकर गणपति बप्पा को विदाई देते हैं और अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना करते हैं।
Disclaimer- इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है। हिंदी ख़बर इसकी पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें- SCO समिट में पाकिस्तान की शर्मनाक हरकत, ग्रुप फोटो से PM मोदी की तस्वीर हटाई, ईरानी राष्ट्रपति को भी किया गायब
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









