राष्ट्रीय

सऊदी अरब जाने वाली Air India की उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द, यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड

Air India News : सऊदी अरब में बिगड़ते सुरक्षा हालात के बीच एअर इंडिया ने रियाद, दम्माम और जेद्दा आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं. एयरलाइन ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी. कंपनी के मुताबिक, प्रभावित यात्रियों को टिकट का पूरा रिफंड दिया जा रहा है. एयरलाइन स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और सुरक्षा हालात की समीक्षा के बाद ही परिचालन दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा.

एअर इंडिया ने कहा है कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उड़ानें रद्द होने से सऊदी अरब जाने और वहां से भारत लौटने वाले यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं. ऐसे यात्रियों को संबंधित एयरलाइन से संपर्क करके रिफंड और यात्रा के वैकल्पिक विकल्पों की जानकारी लेने की सलाह दी गई है.

रियाद एयरपोर्ट पर हमले में भारतीय की मौत

सऊदी अरब में हाल के हमलों के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ है. 10 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई थी, जबकि 11 अन्य भारतीय घायल हुए थे. भारत के राजदूत विपुल ने वीडियो संदेश जारी कर नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की, उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. राजदूत के मुताबिक, भारतीय अधिकारियों ने मृतक के परिवार और घायलों की सहायता के लिए संबंधित पक्षों से संपर्क किया है.

भारतीय दूतावास ने जारी की सलाह

राजदूत ने बताया कि रियाद एयरपोर्ट बंद होने के कारण एअर इंडिया और इंडिगो ने अपनी उड़ानें रद्द की थीं, उन्होंने यात्रियों को सऊदिया, फ्लाईनास और फ्लाईडील जैसी एयरलाइनों के विकल्पों की जानकारी लेने की सलाह दी. हालांकि, यात्रा से पहले उड़ान की उपलब्धता और स्थिति की पुष्टि करना जरूरी है.

दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने और हवाई हमलों के दौरान सुरक्षित इमारतों के भीतर रहने की अपील की है. लोगों को हमलों की तस्वीरें या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से भी बचने को कहा गया है, क्योंकि ऐसा करना स्थानीय कानूनों का उल्लंघन हो सकता है. दूतावास ने यात्रियों से एयरलाइन की सूचनाओं और आधिकारिक एडवाइजरी पर नजर रखने की सलाह दी है. वहीं, उमरा यात्रियों के लिए 24 घंटे की हेल्पलाइन भी उपलब्ध कराई गई है.

ये भी पढ़ें- UP में सोलर ऊर्जा की बड़ी छलांग, 9 लाख से ज्यादा घरों पर लगे रूफटॉप सोलर प्लांट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button