Bihar

‘आरक्षण के साथ छेड़छाड़ होगा तो…’, JDU का दो टूक जवाब

Bihar News : बिहार में आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर सियासी बहस के केंद्र में आ गया है. एनडीए सरकार में शामिल जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता और विधायक श्याम रजक ने शनिवार को आरक्षण व्यवस्था में किसी भी तरह के बदलाव या समीक्षा का विरोध किया, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आरक्षण के साथ छेड़छाड़ की गई तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं.

श्याम रजक ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की कोशिश होने पर ‘गृहयुद्ध जैसी स्थिति’ पैदा हो सकती है. उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में आरक्षण को लेकर बहस और तेज होने के संकेत हैं.

पटना में प्रदर्शन के बीच आया बयान

श्याम रजक का यह बयान ऐसे समय आया है जब पटना में भीम आर्मी के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास समेत संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है.

हालांकि, जेडीयू नेता ने स्पष्ट किया कि मौजूदा प्रदर्शन आरक्षण के मुद्दे को लेकर नहीं है, उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है.

छात्र आंदोलन पर भी बोले श्याम रजक

छात्र आंदोलन के मुद्दे पर श्याम रजक ने कहा कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों की कई मांगों को स्वीकार किया है, उन्होंने कहा कि जहां भी किसी परीक्षा या भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत सामने आती है, वहां जांच की जानी चाहिए, उन्होंने भर्ती और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की जरूरत पर भी जोर दिया.

आरक्षण पर तल्ख बयान से बढ़ी सियासी हलचल

आरक्षण व्यवस्था को लेकर श्याम रजक के इस बयान ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है. एक तरफ पटना में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर प्रशासन सतर्क है, तो दूसरी ओर सत्तारूढ़ गठबंधन के वरिष्ठ नेता का आरक्षण में बदलाव के खिलाफ इतना कड़ा रुख राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है.

श्याम रजक ने साफ किया कि आरक्षण के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी. उनके बयान के बाद आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है.

ये भी पढ़ें- चीनी की कीमतों पर बड़ी राहत, 20% तक सस्ती हुई शुगर, सरकार ने लिया बड़ा फैसला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button