Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी और आरएसएस पर तीखा हमला बोला, उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जिस जगह खड़गे ने भाषण दिया था, वहां बाद में ‘शुद्धिकरण’ किया गया. राहुल गांधी ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने और एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश देने की मांग की.
राहुल गांधी ने कहा कि खड़गे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में भाषण दिया था और उनके वहां से जाने के बाद कथित तौर पर उस जगह का ‘शुद्धिकरण’ किया गया, उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ इस तरह का व्यवहार हो सकता है तो आम लोगों के साथ होने वाली घटनाओं का अंदाजा लगाया जा सकता है.
नेता प्रतिपक्ष ने मामले में जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को इस पर हस्तक्षेप करना चाहिए.
शुद्धिकरण छुआछूत का दूसरा नाम
राहुल गांधी ने ‘शुद्धिकरण’ की रस्म को छुआछूत से जोड़ते हुए कहा कि संविधान में छुआछूत को गैरकानूनी घोषित किया गया है. उनका आरोप था कि इस तरह की रस्म के जरिए दलितों को अशुद्ध बताने का संदेश दिया जाता है और ऐसी घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि दलितों के साथ भेदभाव केवल गांवों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरों में भी ऐसी घटनाएं सामने आती हैं.
पानी से अलग कप तक
राहुल गांधी ने अपने आरोपों के समर्थन में कई उदाहरणों का जिक्र किया, उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर दलितों को कुएं से पानी लेने से रोका जाता है और चाय की दुकानों पर उनके लिए अलग कप रखे जाने जैसी घटनाएं भी होती हैं.
उन्होंने राजस्थान और उत्तराखंड का जिक्र करते हुए भी भेदभाव के आरोप लगाए. राहुल गांधी ने दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस विधायक दल के नेता के मंदिर जाने के बाद मंदिर का कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ किया गया था.
स्कूलों में भी भेदभाव का लगाया आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि संविधान के तहत छुआछूत गैरकानूनी है, लेकिन इसके बावजूद देश के अलग-अलग हिस्सों में दलितों के साथ भेदभाव की घटनाएं सामने आती हैं, उन्होंने दलित बच्चों से स्कूलों में शौचालय साफ कराने और झाड़ू-पोछा कराने जैसी घटनाओं का भी जिक्र किया.
बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि किसी व्यक्ति के मंदिर जाने के बाद ‘शुद्धिकरण’ किया जाना इस बात का संकेत है कि उसे अछूत या अशुद्ध समझा जा रहा है, उन्होंने इसे असंवैधानिक बताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग दोहराई.
ये भी पढ़ें- चीनी की कीमतों पर बड़ी राहत, 20% तक सस्ती हुई शुगर, सरकार ने लिया बड़ा फैसला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









