विदेश

नेपाल की तबाही के बीच चीन में फिर कांपी धरती, 5.1 की तीव्रता ने बढ़ाई चिंता

China Earthquake : दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत में शुक्रवार को धरती हिलने से लोगों में हलचल मच गई. चाइना अर्थक्वेक नेटवर्क्स सेंटर (CENC) के अनुसार, लॉन्गचांग शहर में 5.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. भूकंप के बाद फिलहाल चीन में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है.

भूकंप शुक्रवार को सिचुआन के लॉन्गचांग शहर में आया. इसकी पुष्टि चीन के चाइना अर्थक्वेक नेटवर्क्स सेंटर ने की है. भूकंप की खबर ऐसे वक्त सामने आई है, जब चीन के पड़ोसी नेपाल में प्राकृतिक आपदाओं ने पहले से ही गंभीर स्थिति पैदा कर रखी है.

नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से तबाही

नेपाल में तीन दिन पहले भोटेकोशी नदी के आसपास भूस्खलन और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी. इस आपदा में 490 से अधिक लोगों की मौत की खबर है, जबकि करीब 1,500 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. हालात इसलिए भी चिंताजनक हैं क्योंकि उसी इलाके में एक नई झील बन गई है और उसमें पानी लगातार बढ़ रहा है. अगर यह झील टूटती है तो इलाके में एक और बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है.

नेपाल में भी महसूस हुए भूकंप के झटके

इसी बीच नेपाल में शुक्रवार देर रात 3.2 तीव्रता का हल्का भूकंप भी दर्ज किया गया. हालांकि, इससे किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है.

सिचुआन में आए 5.1 तीव्रता के ताजा भूकंप और नेपाल में हालिया भूकंपीय गतिविधि ने आसपास के क्षेत्र में भूगर्भीय हलचल को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है. फिलहाल चीन में नुकसान को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई बड़ी पुष्टि नहीं हुई है.

ये भी पढ़ें- भारत-चीन सीमा विवाद पर बड़ी बैठक, NSA अजीत डोभाल बीजिंग में वांग यी से करेंगे बातचीत, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button