विदेश

ईरान युद्ध के बीच ट्रंप को बड़ा झटका, सिर्फ 31% अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के समर्थन में

Washington : ईरान के साथ करीब छह महीने से जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता रिकॉर्ड निचले स्तर पर बनी हुई है. ताजा Reuters/Ipsos सर्वे में ट्रंप के कामकाज को सिर्फ 33% अमेरिकियों ने मंजूरी दी. वहीं ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को समर्थन देने वालों की संख्या घटकर 31% रह गई है.

मार्च में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को 37% अमेरिकी समर्थन दे रहे थे, जबकि इसी महीने की शुरुआत में यह आंकड़ा 34% था. यानी जैसे-जैसे संघर्ष लंबा खिंच रहा है, युद्ध को लेकर अमेरिकी जनता का समर्थन कमजोर पड़ता जा रहा है.

रिपब्लिकन वोटरों का भी बदला रुख

सर्वे में ट्रंप की अपनी रिपब्लिकन पार्टी के समर्थकों के बीच भी युद्ध के समर्थन में गिरावट सामने आई. मार्च में 77% रिपब्लिकन युद्ध के समर्थन में थे, लेकिन अब यह आंकड़ा घटकर 69% रह गया है. Reuters के मुताबिक, कुल समर्थन में आई गिरावट की एक बड़ी वजह रिपब्लिकन समर्थकों के रुख में बदलाव है.

सर्वे में 83% अमेरिकियों ने माना कि ईरान के साथ संघर्ष लंबे समय तक चल सकता है. महीने की शुरुआत में ऐसा मानने वालों की संख्या 80% थी.

निर्दलीय मतदाताओं में डेमोक्रेट्स आगे

सर्वे में निर्दलीय मतदाताओं से पूछा गया कि अगर आज कांग्रेस के चुनाव हों तो वे किस पार्टी के उम्मीदवार को वोट देंगे. इसमें 33% ने डेमोक्रेट्स, जबकि 19% ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों का समर्थन किया.

यह सर्वे देशभर में 1,215 अमेरिकी वयस्कों के बीच चार दिनों में किया गया. इसमें करीब 3 प्रतिशत अंक की गलती की संभावना बताई गई है. छह महीने से जारी संघर्ष और बढ़ती ऊर्जा कीमतों के बीच यह आंकड़े ट्रंप प्रशासन के लिए राजनीतिक चुनौती बढ़ा सकते हैं. खासकर नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनावों से पहले युद्ध को लेकर जनता का बदलता रुख रिपब्लिकन पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें – 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ, डॉ. बलबीर सिंह ने लोगों से नेत्रदान के लिए आगे आने की अपील

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button