Punjab

पंजाब विजिलेंस इन एक्शन मोड, पटवारी और निजी एजेंट रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

Punjab Vigilance : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने जालंधर के बस्ती पीरदाद पटवार सर्कल में तैनात पटवारी विश्वजीत सिंह और निजी एजेंट राकेश कुमार उर्फ सोनू को 5,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई प्लॉट के इंतकाल में देरी और रिश्वत मांगने की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने 4 मरले का प्लॉट अपने भाई के नाम रजिस्टर्ड करवाया था।

Punjab Vigilance : राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के दौरान पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पटवार सर्कल, बस्ती पीरदाद, जालंधर में तैनात पटवारी विश्वजीत सिंह और निजी एजेंट राकेश कुमार उर्फ सोनू को 5,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है। स्टेट विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपियों को न्यू राजन नगर, जालंधर के एक निवासी द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने कहा कि उसने 4 मरले का एक प्लॉट खरीदा था और इसकी सेल डीड 23.12.2024 को अपने छोटे भाई उमेश कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड करवाई थी। उसने प्लॉट के इंतकाल के लिए संबंधित पटवारी से संपर्क किया, लेकिन मामले में बार-बार देरी की गई।

इंतकाल दर्ज करवाने के बदले रिश्वत की मांग

दिनांक 07.10.2026 को वह प्लॉट के इंतकाल के लिए दोबारा आरोपी पटवारी विश्वदीप सिंह के पास गया। आरोपी पटवारी ने उसे अपने निजी एजेंट राकेश कुमार उर्फ सोनू से मिलने के लिए कहा, जिसने राजस्व रिकॉर्ड में जमीन का इंतकाल दर्ज करवाने के बदले 5,000 रुपये रिश्वत की मांग की।

मजबूरन, शिकायतकर्ता ने शुरू में 1,500 रुपये दिए, लेकिन आरोपी राकेश कुमार ने वह राशि वापस कर दी और उसे अगले दिन पूरे 5,000 रुपये लाने के लिए कहा। प्रवक्ता ने आगे बताया कि रिश्वत की मांग के संबंध में हुई बातचीत शिकायतकर्ता द्वारा रिकॉर्ड कर ली गई थी।

विजिलेंस टीम ने बिछाया जाल

शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो रेंज जालंधर से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजीलेंस टीम ने एक जाल बिछाया, जिसके दौरान दोनों आरोपियों पटवारी और निजी एजेंट को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू कर लिया गया। इस संबंधी, दोनों आरोपियों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- पंजाब में 19,200 सरकारी स्कूलों में मेगा PTM, 25 लाख अभिभावक होंगे शामिल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button