राष्ट्रीय

चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच सरकार का बड़ा फैसला, इम्पोर्ट पर बदला नियम

Sugar Price Hike : देशभर में चीनी की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है. पिछले एक महीने में चीनी के दाम में तेज उछाल देखने को मिला है. इसी बीच केंद्र सरकार ने कच्ची चीनी के आयात से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. सरकार के इस फैसले का असर चीनी की सप्लाई और बाजार की कीमतों पर पड़ सकता है.

सरकार ने TRQ यानी टैरिफ रेट कोटा के तहत आयात की जाने वाली कच्ची चीनी के नियमों में बदलाव किया है. नए नियमों के मुताबिक अब आयात की गई कच्ची चीनी को एक तय तारीख तक बेचने की व्यवस्था खत्म कर दी गई है.

TRQ आयात के नियमों में बदलाव

अब हर आयात खेप के लिए अलग-अलग समय सीमा तय होगी. सरकार के आदेश के अनुसार, आयातक को बिल ऑफ एंट्री दाखिल करने की तारीख से दो महीने के भीतर कच्ची चीनी को रिफाइंड करके सफेद चीनी के रूप में घरेलू बाजार में बेचना होगा.

इससे पहले इसके लिए 31 अक्टूबर 2026 तक की एक समान अंतिम तारीख तय थी. सरकार ने 10 लाख मीट्रिक टन रॉ शुगर के TRQ आयात से जुड़े नियमों में यह बदलाव किया है.

एक महीने में 7 रुपये से ज्यादा बढ़े चीनी के दाम

चीनी की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी ने घरेलू बजट पर असर डाला है. उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 20 जुलाई को चीनी की खुदरा कीमत 48.18 रुपये प्रति किलो थी.

वहीं, 20 अगस्त तक यह कीमत बढ़कर 55.70 रुपये प्रति किलो पहुंच गई. यानी सिर्फ एक महीने में चीनी के दाम में 7.52 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. यह करीब 15.6 प्रतिशत की वृद्धि है.

महंगाई के बीच सरकार का कदम

चीनी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बीच सरकार का यह फैसला बाजार में आपूर्ति को बेहतर करने और आयातित कच्ची चीनी के इस्तेमाल को समय पर सुनिश्चित करने की दिशा में एक कदम माना जा रहा है. अब देखना होगा कि नए नियमों के बाद चीनी की कीमतों पर कितना असर पड़ता है.

ये भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में H1N1 का बढ़ा खतरा, जानें स्वाइन फ्लू के ये खतरनाक लक्षण

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button