Amravati Hospital Fire : महाराष्ट्र के अमरावती जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने अस्पताल में अफरा-तफरी मचा दी. अमरावती के सरकारी महिला अस्पताल के नियोनेटल वॉर्ड में तड़के करीब 3:30 बजे अचानक आग लग गई. इस हादसे में तीन नवजात बच्चों की झुलसने से मौत हो गई, जबकि छह बच्चे घायल हुए हैं.
बताया जा रहा है कि अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में सुबह करीब 3:30 बजे अचानक एक वेंटिलेटर में ब्लास्ट हुआ. इसके बाद यूनिट में आग लग गई. आग फैलते ही अस्पताल में मौजूद स्टाफ के बीच हड़कंप मच गया.
हादसे के समय NICU के तीन कक्षों में कुल 39 नवजात बच्चे भर्ती थे. आग लगने के बाद ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्टाफ ने तुरंत बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी. कई नवजातों को वेंटिलेटर से हटाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया.
6 घायल बच्चों को दूसरे अस्पताल में कराया भर्ती
आग की चपेट में आने से छह नवजात बच्चे घायल हो गए. सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए पास स्थित दूसरे सरकारी सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में भर्ती कराया गया है. वहां उनका इलाज किया जा रहा है. वहीं, हादसे में तीन नवजात बच्चों की झुलसने से मौत हो गई. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
फिलहाल शुरुआती जानकारी में वेंटिलेटर में ब्लास्ट के बाद आग लगने की बात सामने आई है. हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है. अधिकारियों की जांच के बाद ही हादसे के कारणों की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.
ये भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर में तबाह जैश का ठिकाना फिर तैयार? बहावलपुर मरकज सुभानअल्लाह के पुनर्निर्माण का दावा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








